​पीलीभीत। गैस चौराहा स्थित जेएमबी किड्स इंटरनेशनल स्कूल का वार्षिकोत्सव ‘अस्तित्व’ सोमवार को हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ विशिष्ट अतिथि विधायक महामंडलेश्वर स्वामी प्रवक्तानंद और नगर पालिका अध्यक्ष डॉ. आस्था अग्रवाल ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया। इस अवसर पर उत्तर प्रदेश सरकार के गन्ना राज्यमंत्री संजय सिंह गंगवार ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की। विद्यालय की फाउंडर प्रिंसिपल व निदेशक डॉ. गुंजन तिवारी ने स्वागत भाषण के माध्यम से सभी अतिथियों का अभिनंदन किया।


​इस वर्ष के वार्षिकोत्सव की मुख्य थीम भारत के विभिन्न राज्यों के जाति, जनजाति संघर्ष और उनके विकास पर आधारित रही। कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण देश की राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के जीवन संघर्ष पर आधारित नाटक रहा, जिसने दर्शकों को भावविभोर कर दिया। विद्यार्थियों ने ऐतिहासिक और लोक कथाओं पर आधारित प्रस्तुतियों के माध्यम से असम के झूमर नृत्य, डेजर्ट ट्राइब्स, ओडिशा की खानाबदोश जातियों के संघर्ष और महान स्वतंत्रता सेनानी बिरसा मुंडा के बलिदान का जीवंत मंचन किया। इन प्रस्तुतियों ने न केवल मनोरंजन किया बल्कि भारत की समृद्ध और संघर्षपूर्ण सांस्कृतिक विरासत से भी रूबरू कराया।


​समारोह के दौरान वर्ष भर विभिन्न प्रतिस्पर्धाओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को पुरस्कृत किया गया। जेएमबी ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूशंस के मैनेजिंग डायरेक्टर अंचल गुप्ता ने सफल आयोजन के लिए स्टाफ और बच्चों को बधाई देते हुए समूह के आगामी नए उपक्रमों की जानकारी साझा की। प्रिंसिपल डॉ. उदिता अग्रवाल ने वार्षिक रिपोर्ट प्रस्तुत कर विद्यालय की उपलब्धियों पर प्रकाश डाला।

कार्यक्रम का सफल संचालन इंचार्ज प्राची गुप्ता ने किया और नृत्य निर्देशन मुश्ताक रजा द्वारा किया गया। इस ऐतिहासिक आयोजन में डॉ. संजय गुप्ता, दीपेश अग्रवाल, नितिन गुप्ता, डॉ. एस.पी.एस संधू, राजवीर सिंह, लक्ष्मीकांत शर्मा सहित शहर के गणमान्य लोग उपस्थित रहे। विराट वर्मा, निशांत गंगवार और आराध्या शर्मा सहित करीब 260 बच्चों ने अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर कार्यक्रम को यादगार बनाया।

(आधुनिक दुनिया को सभी स्थानों पर संवाददाताओं की आवश्यकता है। इच्छुक संपर्क करें- 8923815100 व्हाट्अप पर अपना नाम, स्थान, यदि कोई अनुभव है तो उसकी जानकारी और कहां से संवाददाता बनना चाहते हैं उस स्थान का नाम लिखें संपर्क करें। यदि आप पत्रकारिता सीखने के इच्छुक हैं, तो भी संपर्क कर सकते हैं।)

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Site designed and maintained by Lalit Rastogi