पीलीभीत। महुआ गुंदे से कुर्रेया तक जाने वाली सड़क लंबे समय से बदहाली का दंश झेल रही है। सड़क की जर्जर हालत और प्रशासन की अनदेखी से नाराज ग्रामीणों का धैर्य अब जवाब दे गया है। इस समस्या को लेकर स्थानीय ग्रामीणों ने क्षेत्रीय विधायक बाबूराम पासवान के खिलाफ मोर्चा खोलते हुए जोरदार विरोध प्रदर्शन किया।
ग्रामीणों का आरोप है कि सड़क पर गहरे गड्ढे होने के कारण आए दिन राहगीर चोटिल हो रहे हैं और जलभराव की स्थिति बनी रहती है। कई बार शिकायत के बावजूद सड़क निर्माण को लेकर कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया, जिससे ग्रामीणों में भारी रोष है।
प्रदर्शन में उमड़ी भारी भीड़
प्रदर्शन के दौरान ग्रामीणों ने अपनी मांगों को लेकर जमकर नारेबाजी की। इस विरोध प्रदर्शन में मुख्य रूप से ऋषभ पाण्डेय, अजीत पाण्डेय, शोरभ मिश्रा, लीडर अवस्थी, मुक्खनी अवस्थी, स्वतंत्र शुक्ला, मुकेश कश्यब, भगवान दीन मिश्रा, गौरव शुक्ला, डीके मिश्रा और शुभम मिश्रा सहित भारी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।
प्रदर्शनकारियों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द ही सड़क का निर्माण कार्य शुरू नहीं कराया गया, तो वे आगामी समय में और भी उग्र आंदोलन करने के लिए विवश होंगे। ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि जर्जर सड़क की तत्काल मरम्मत कराई जाए ताकि लोगों को आवागमन में हो रही परेशानियों से निजात मिल सके।
(आधुनिक दुनिया को सभी स्थानों पर संवाददाताओं की आवश्यकता है। इच्छुक संपर्क करें- 8923815100 व्हाट्अप पर अपना नाम, स्थान, यदि कोई अनुभव है तो उसकी जानकारी और कहां से संवाददाता बनना चाहते हैं उस स्थान का नाम लिखें संपर्क करें। यदि आप पत्रकारिता सीखने के इच्छुक हैं, तो भी संपर्क कर सकते हैं।)