सितारगंज। शक्तिफार्म निवासी महिला पर लिव-इन रिलेशनशिप के लिए दबाव बनाने, धमकाने और इंकार करने पर फायरिंग करने के मामले में पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी के कब्जे से घटना में प्रयुक्त 315 बोर का तमंचा और एक खोखा कारतूस भी बरामद किया गया है।

एसएसपी अजय गणपति के निर्देशन में चलाए जा रहे ऑपरेशन प्रहार अभियान के तहत पुलिस ने अजय रस्तोगी (42) निवासी शांति विहार, सिंह कॉलोनी, रुद्रपुर को शक्तिफार्म स्थित सुखी नदी पुल के पास से गिरफ्तार किया।

पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी महिला पर जबरन अपने साथ लिव-इन में रहने का दबाव बना रहा था। महिला के साफ इंकार के बाद वह लगातार उसे जान से मारने की धमकियां दे रहा था।

पुलिस के अनुसार, 12 जून को पीड़िता अपनी मां माया मंडल के साथ बाजार से घर लौट रही थी। इसी दौरान आरोपी बाइक से वहां पहुंचा, दोनों को रोककर गाली-गलौज की और विरोध करने पर तमंचे से फायर कर दिया। गोली महिला के सीने को छूते हुए निकल गई, जिससे वह बाल-बाल बच गई।

मामला दर्ज होने के बाद पुलिस ने कई संभावित ठिकानों पर दबिश दी और आखिरकार आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपी को न्यायालय में पेश कर आगे की वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है।

इस कार्रवाई में प्रभारी निरीक्षक सुंदरम शर्मा, एसआई जगदीश चंद्र तिवारी, हरीश चंद्र, प्रेम कनवाल और भूपाल सिंह शामिल रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *