नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी छह दिवसीय फ्रांस और स्लोवाकिया दौरे पर रवाना हो गए हैं। यात्रा से पहले जारी अपने वक्तव्य में प्रधानमंत्री ने कहा कि रणनीतिक, आर्थिक और सांस्कृतिक दृष्टि से फ्रांस भारत का एक महत्वपूर्ण साझेदार है और यह दौरा दोनों देशों के संबंधों को नई मजबूती प्रदान करेगा।

प्रधानमंत्री मोदी कल इमैनुएल मैक्रॉ के साथ ‘भारत इनोवेट्स’ सम्मेलन का उद्घाटन करेंगे। उन्होंने कहा कि यह मंच भारतीय स्टार्टअप्स को वैश्विक अवसरों और निवेशकों से जोड़ने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।

फ्रांस दौरे के बाद प्रधानमंत्री दो दिवसीय यात्रा पर स्लोवाकिया जाएंगे। राजधानी ब्रातिस्लावा में वह राष्ट्रपति पीटर पेलेग्रिनी और प्रधानमंत्री रॉबर्ट फिको से मुलाकात करेंगे। प्रधानमंत्री ने कहा कि यह ऐतिहासिक दौरा दोनों देशों के द्विपक्षीय संबंधों को नई गति देगा और यूरोपीय संघ के साथ भारत की रणनीतिक साझेदारी को और मजबूत करेगा।

इसके बाद प्रधानमंत्री फ्रांस के एवियन शहर में 16 और 17 जून को आयोजित होने वाले जी-7 शिखर सम्मेलन 2026 में हिस्सा लेंगे। उन्होंने कहा कि जी-7 में भारत की लगातार उपस्थिति वैश्विक मंच पर भारत की बढ़ती भूमिका और विश्व समुदाय के भरोसे को दर्शाती है। यह लगातार आठवां अवसर होगा जब भारत को जी-7 शिखर सम्मेलन में आमंत्रित किया गया है।

दौरे के अंतिम चरण में प्रधानमंत्री 18 जून को पेरिस पहुंचेंगे, जहां वह राष्ट्रपति मैक्रॉ के साथ विवाटेक 2026 में भाग लेंगे। उन्होंने कहा कि वह पेरिस में भारतीय समुदाय से मिलने को लेकर भी उत्साहित हैं।

प्रधानमंत्री मोदी ने विश्वास जताया कि यह दौरा यूरोप के देशों के साथ भारत के संबंधों को और गहरा करेगा तथा व्यापार, नवाचार, प्रौद्योगिकी और वैश्विक सहयोग के नए अवसर खोलेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *