​पीलीभीत । किसान नेता देव स्वरूप पटेल ने केंद्रीय मंत्री जितिन प्रसाद से मुलाकात कर उन्हें एक ज्ञापन सौंपा, जिसमें खुदागंज नेशनल हाईवे पर निर्माणाधीन घुंडी घाट पुल के निर्माण कार्य को जल्द से जल्द पूरा कराने की मांग की गई है। पटेल ने केंद्रीय मंत्री को अवगत कराया कि बीसलपुर और खुदागंज के मध्य देवहा नदी पर बन रहे इस पुल और सड़क का अधिकांश कार्य पूर्ण हो चुका है, लेकिन अब अंतिम चरण में एप्रोच मार्ग (संपर्क मार्ग) बनने का काम शेष है। उन्होंने जोर देकर कहा कि आगामी वर्षा ऋतु शुरू होने से पहले ही इस कार्य को संपन्न कराया जाए ताकि मानसून के दौरान काम में बाधा न आए।
​ज्ञापन में इस पुल के महत्व को रेखांकित करते हुए बताया गया कि वर्तमान में पुल अधूरा होने के कारण क्षेत्र के दर्जनों गांवों के ग्रामीणों को खुदागंज और कटरा आने-जाने में भारी असुविधा का सामना करना पड़ रहा है। उल्लेखनीय है कि यह मार्ग केवल स्थानीय आवागमन के लिए ही नहीं, बल्कि सामरिक और व्यापारिक दृष्टि से भी अत्यंत महत्वपूर्ण है। यह बीसलपुर से खुदागंज, कटरा, जलालाबाद और फर्रुखाबाद होते हुए सीधे मध्य प्रदेश के भिंड तक जाने वाला एक प्रमुख अंतरराज्यीय हाईवे है। साथ ही, यह मार्ग दूसरी ओर पीलीभीत से होते हुए टनकपुर और लिपुलेख तक जाता है। किसान नेता ने कहा कि इस पुल के सुचारू होते ही न केवल क्षेत्र का आवागमन सुगम होगा, बल्कि आर्थिक गतिविधियों को भी गति मिलेगी।

(आधुनिक दुनिया को सभी स्थानों पर संवाददाताओं की आवश्यकता है। इच्छुक संपर्क करें- 8923815100 व्हाट्अप पर अपना नाम, स्थान, यदि कोई अनुभव है तो उसकी जानकारी और कहां से संवाददाता बनना चाहते हैं उस स्थान का नाम लिखें संपर्क करें। यदि आप पत्रकारिता सीखने के इच्छुक हैं, तो भी संपर्क कर सकते हैं।)

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *