गोरखपुर। उत्तर प्रदेश के गोरखपुर जिले में गीडा और हरपुर बुदहट थाना क्षेत्र की सीमा पर आमी नदी से एक युवक का शव बरामद हुआ है। पुलिस ने मृतक की शिनाख्त सहजनवां निवासी आदित्य के रूप में की है। पुलिस की प्रारंभिक जांच में मामला रंजिश और प्रेम प्रसंग से जुड़ा बताया जा रहा है।
घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। परिजनों की तहरीर के आधार पर पुलिस ने 12 नामजद आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। अब तक 4 संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है, जबकि अन्य फरार आरोपियों की तलाश में छापेमारी जारी है।
वरिष्ठ अधिकारियों का कहना है कि मामले की गहनता से जांच की जा रही है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी। इलाके में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस बल तैनात है।