कराची/इस्लामाबाद: आर्थिक बदहाली और कमरतोड़ महंगाई से जूझ रहे पाकिस्तान में अब ईंधन संकट ने हाहाकार मचा दिया है। कराची के ओरंगी टाउन जैसे घनी आबादी वाले इलाकों से ऐसी तस्वीरें सामने आ रही हैं, जो रूह कंपा देने वाली हैं। यहाँ लोग एलपीजी (LPG) सिलेंडर की किल्लत और महंगी गैस के कारण प्लास्टिक के बड़े गुब्बारों में कुकिंग गैस भरकर अपने घरों में रख रहे हैं।

क्या है ‘प्लास्टिक बम’ वाला ये खेल?

गैस पाइपलाइनों में प्रेशर कम होने के कारण लोग सक्शन पंप (Suction Pump) का इस्तेमाल कर रहे हैं। इस गैस को बड़े-बड़े प्लास्टिक बैग्स या गुब्बारों में भरा जाता है। स्थानीय बाजार में ये प्लास्टिक बैग 1000 से 1500 रुपये में बिक रहे हैं। एक गुब्बारा भरने के बाद वह करीब एक दिन के खाना पकाने के लिए पर्याप्त होता है।

सुरक्षा विशेषज्ञों ने दी चेतावनी: “कभी भी हो सकता है बड़ा धमाका”

विशेषज्ञों ने इन गैस से भरे गुब्बारों को ‘चलता-फिरता बम’ करार दिया है। घनी आबादी वाले इलाकों में इन गुब्बारों को रखना मौत को दावत देने जैसा है। हल्की सी रगड़, बीड़ी-सिगरेट की चिंगारी या घर की गर्मी भी इन गुब्बारों में भीषण विस्फोट कर सकती है, जिससे पूरी बस्ती खाक हो सकती है।

क्यों आई ऐसी नौबत?

  1. महंगाई का रिकॉर्ड: अप्रैल 2026 में पाकिस्तान में पेट्रोल और डीजल की कीमतें ₹450 से ₹520 प्रति लीटर के पार पहुंच चुकी हैं।
  2. स्टॉक खत्म: रिपोर्ट्स के मुताबिक, पाकिस्तान के पास कच्चे तेल और गैस का भंडार अब मात्र 5 से 7 दिनों का ही बचा है।
  3. मध्य-पूर्व में तनाव: ईरान-इजरायल संघर्ष के कारण वैश्विक सप्लाई चेन बाधित हुई है, जिसका सबसे बुरा असर पाकिस्तान जैसे कर्जदार देशों पर पड़ा है।

जनता में भारी आक्रोश

सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे वीडियो में लोग सरकार को कोसते नजर आ रहे हैं। एक स्थानीय नागरिक ने कहा, “सिलेंडर खरीदना हमारी पहुंच से बाहर है और चूल्हा जलाने के लिए हमें अपनी जान जोखिम में डालकर ये गुब्बारे लाने पड़ रहे हैं।”


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Site designed and maintained by Lalit Rastogi