रुद्रपुर/नानकमत्ता। ऊधमसिंह नगर के नानकमत्ता थाना क्षेत्र में पुलिस दबिश के दौरान एक वृद्ध महिला की संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत के मामले को एसएसपी अजय गणपति ने अत्यंत गंभीरता से लिया है। जांच की निष्पक्षता और पारदर्शिता बनाए रखने के लिए एसएसपी ने तत्काल प्रभाव से एक उपनिरीक्षक (दरोगा) समेत चार पुलिसकर्मियों को लाइन हाजिर कर दिया है।
क्या है पूरा मामला?
पुलिस के अनुसार, 28 मार्च 2026 को नानकमत्ता कोतवाली में दर्ज पॉक्सो एक्ट और अन्य गंभीर धाराओं (मुकदमा अपराध संख्या 59/2026) के वांछित अभियुक्त कुलदीप सिंह की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम ग्राम सिद्धा नवदिया गई थी। दबिश के दौरान अचानक एक वृद्ध महिला मौके पर पहुँची और वहां गिर गई। आनन-फानन में महिला को राजकीय चिकित्सालय ले जाया गया, जहाँ डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
एसएसपी का त्वरित एक्शन
घटना के बाद उपजे तनाव और निष्पक्ष जांच सुनिश्चित करने के लिए एसएसपी अजय गणपति ने त्वरित संज्ञान लिया। उन्होंने इस पूरे प्रकरण की जांच एसपी सिटी डॉ. उत्तम सिंह नेगी को सौंपी है।
इन पुलिसकर्मियों पर गिरी गाज:
पारदर्शी जांच के हित में एसएसपी ने निम्नलिखित पुलिसकर्मियों को तत्काल प्रभाव से लाइन हाजिर किया है:
- एसआई सुनील कुमार (कोतवाली नानकमत्ता)
- हेड कांस्टेबल नवीन कुमार
- कांस्टेबल लोकेश तिवारी
- महिला कांस्टेबल बबीता रानी
एसएसपी ने स्पष्ट किया है कि जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। पुलिस महकमे की इस कार्रवाई से जिले में हड़कंप मचा हुआ है।
(आधुनिक दुनिया को सभी स्थानों पर संवाददाताओं की आवश्यकता है। इच्छुक संपर्क करें- 8923815100 व्हाट्अप पर अपना नाम, स्थान, यदि कोई अनुभव है तो उसकी जानकारी और कहां से संवाददाता बनना चाहते हैं उस स्थान का नाम लिखें संपर्क करें। यदि आप पत्रकारिता सीखने के इच्छुक हैं, तो भी संपर्क कर सकते हैं।)