​पीलीभीत। जनपद में बुनियादी ढांचे को मजबूत करने और यातायात को सुगम बनाने की दिशा में केंद्रीय राज्य मंत्री जितिन प्रसाद के प्रयासों को बड़ी सफलता मिली है। उनके द्वारा मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को लिखे गए पत्र और निरंतर की गई पैरवी के फलस्वरूप, पीलीभीत की चारों विधानसभा क्षेत्रों के लिए 71 करोड़ 38 लाख 92 हजार की लागत से 53 सड़कों के निर्माण एवं नवीनीकरण की स्वीकृति प्रदान की गई है। लगभग 117 किलोमीटर लंबी इन सड़कों के विकास कार्यों को जनवरी से 31 मार्च के मध्य मंजूरी मिली है, जिससे ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों की कनेक्टिविटी में बड़ा सुधार होगा।
​विशेष रूप से सदर विधानसभा क्षेत्र के लिए विकास का एक बड़ा रोडमैप तैयार किया गया है। मझोला-भगा मोहम्मदगंज-नगरिया माधौपुर से होकर जहानाबाद हाईवे तक जाने वाले मार्ग के चौड़ीकरण, देवहा नदी के कटे मार्ग के निर्माण, बाढ़ सुरक्षा हेतु ठोकरें बनाने और 167 मीटर लंबे नए पुल के निर्माण के लिए 1 अरब 15 करोड़ की भारी-भरकम राशि जारी कराई गई है। इस महत्वपूर्ण परियोजना के लिए जितिन प्रसाद ने पूर्व में भगा मोहम्मदगंज में जनसंवाद कर अधिकारियों को तत्काल कार्ययोजना बनाने के निर्देश दिए थे। इसी क्रम में, पूरनपुर विधानसभा के हरदोई शाखा नहर और शारदा नहर पर सेतु निर्माण के लिए 27 करोड़ 9 लाख स्वीकृत कराए गए हैं, जिनका निरीक्षण मंत्री ने विधायक बाबूराम पासवान के साथ किया था।
​जनपद को मिली इन सौगातों पर भाजपा जिला अध्यक्ष गोकुल प्रसाद मौर्य सहित विभिन्न सामाजिक संगठनों के पदाधिकारियों ने केंद्रीय मंत्री का आभार जताया है। किसान नेता देव स्वरूप पटेल ने इन कार्यों को ऐतिहासिक बताते हुए कहा कि जितिन प्रसाद ने पुराने और जटिल कार्यों को स्वीकृत कराकर जनता के साथ अपना रिश्ता और मजबूत किया है। इन पुलों और सड़कों के निर्माण से न केवल किसानों और व्यापारियों को लाभ होगा, बल्कि आम जनता को भी लंबी दूरी और खराब रास्तों की समस्या से हमेशा के लिए निजात मिल जाएगी।

(आधुनिक दुनिया को सभी स्थानों पर संवाददाताओं की आवश्यकता है। इच्छुक संपर्क करें- 8923815100 व्हाट्अप पर अपना नाम, स्थान, यदि कोई अनुभव है तो उसकी जानकारी और कहां से संवाददाता बनना चाहते हैं उस स्थान का नाम लिखें संपर्क करें। यदि आप पत्रकारिता सीखने के इच्छुक हैं, तो भी संपर्क कर सकते हैं।)

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *