किच्छा/रुद्रपुर। किच्छा एवं सिरौलीकलां नगर पालिका निर्वाचन की मतगणना प्रक्रिया को शांतिपूर्ण, निष्पक्ष और सकुशल संपन्न कराने के लिए ऊधमसिंह नगर पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी है। मतगणना दिवस को लेकर पुलिस पूरी तरह अलर्ट मोड पर है और संवेदनशील क्षेत्रों में अतिरिक्त बल के साथ लगातार निगरानी एवं चेकिंग की जा रही है।

मतगणना की तैयारियों के तहत पुलिस लाइन में एसएसपी अजय गणपति की मौजूदगी में उच्चस्तरीय ब्रीफिंग आयोजित की गई। बैठक में एडीएम, एसपी सिटी, एसडीएम, रिटर्निंग ऑफिसर (RO) और सभी क्षेत्राधिकारी मौजूद रहे। ब्रीफिंग के दौरान ड्यूटी पर तैनात अधिकारियों और जवानों को मतगणना केंद्रों की त्रिस्तरीय सुरक्षा व्यवस्था को लेकर विस्तृत दिशा-निर्देश दिए गए।

अधिकारियों को मतगणना एजेंटों के प्रवेश एवं निकास की व्यवस्था, यातायात प्रबंधन, सुरक्षा व्यवस्था और मतगणना प्रक्रिया की निष्पक्षता बनाए रखने के संबंध में विशेष निर्देश दिए गए। पुलिस के अनुसार, मतगणना केंद्रों पर किसी भी तरह की अव्यवस्था या अनधिकृत गतिविधि को रोकने के लिए पर्याप्त सुरक्षा बल तैनात किया गया है।

सुरक्षा व्यवस्था के तहत 2 अपर पुलिस अधीक्षक, 4 क्षेत्राधिकारी, 18 निरीक्षक, 72 उपनिरीक्षक, 11 महिला उपनिरीक्षक, 230 हेड कांस्टेबल/कांस्टेबल, 74 महिला कांस्टेबल और 22 ट्रैफिक पुलिसकर्मियों को तैनात किया गया है। इसके अलावा पीएसी की तीन कंपनियां भी सुरक्षा व्यवस्था में लगाई गई हैं।

पुलिस ने सुरक्षा तंत्र को तकनीकी रूप से भी मजबूत किया है। मतगणना केंद्रों और आसपास के संवेदनशील एवं महत्वपूर्ण स्थानों पर ड्रोन कैमरों के माध्यम से निगरानी की जा रही है। संवेदनशील इलाकों में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात कर लगातार गश्त और सघन चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है।

इसके साथ ही सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर भी साइबर टीम द्वारा 24 घंटे निगरानी रखी जा रही है। पुलिस का उद्देश्य मतगणना से जुड़ी किसी भी अफवाह, भ्रामक सूचना या गलत खबर के प्रसार को रोकना है।

एसएसपी अजय गणपति ने स्पष्ट किया है कि मतगणना प्रक्रिया में बाधा डालने, शांति व्यवस्था प्रभावित करने या अफवाह फैलाने का प्रयास करने वाले असामाजिक तत्वों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। पुलिस ने लोगों से मतगणना के दौरान शांति एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग की अपील की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Copyright © 2026 Adhunik Duniya | Owned by Akash Singh | Maintained by Lalit Rastogi