अमरिया PILIBHIT। जनपद के थाना अमरिया क्षेत्र के अंतर्गत ग्राम भौनी में एक दर्दनाक सड़क हादसे में एक महिला की जान चली गई। तेज रफ्तार और लापरवाही से चलाई जा रही कंबाइन ने सड़क पार कर रही महिला को जोरदार टक्कर मार दी, जिससे उसकी मौत हो गई। पुलिस ने मृतका के पति की तहरीर के आधार पर कंबाइन चालक के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, ग्राम भौनी निवासी बाबू राम ने थाने में दी तहरीर में बताया कि बीती 4 अप्रैल की दोपहर उनकी पत्नी प्रेमवती (55 वर्ष) अपने खेत से काम निपटाकर पैदल घर वापस लौट रही थीं। जैसे ही वह भौनी के पास हाईवे पर पहुंची, तभी वहां से गुजर रही एक कंबाइन के चालक ने वाहन को लापरवाही और अत्यधिक गति से चलाते हुए प्रेमवती को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि प्रेमवती गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़ीं।
हादसे के बाद आनन-फानन में स्थानीय लोगों और परिजनों की मदद से घायल महिला को अस्पताल ले जाया गया, लेकिन बदकिस्मती से अस्पताल पहुंचने से पहले ही रास्ते में उन्होंने दम तोड़ दिया। मौत की खबर से परिवार में कोहराम मच गया है। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने बाबू राम की शिकायत पर कंबाइन चालक के विरुद्ध रिपोर्ट दर्ज कर ली है। थाना पुलिस का कहना है कि वाहन को कब्जे में लेने और चालक की गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जा रही है, साथ ही मामले की गहनता से छानबीन की जा रही है।
(आधुनिक दुनिया को सभी स्थानों पर संवाददाताओं की आवश्यकता है। इच्छुक संपर्क करें- 8923815100 व्हाट्अप पर अपना नाम, स्थान, यदि कोई अनुभव है तो उसकी जानकारी और कहां से संवाददाता बनना चाहते हैं उस स्थान का नाम लिखें संपर्क करें। यदि आप पत्रकारिता सीखने के इच्छुक हैं, तो भी संपर्क कर सकते हैं।)