सितारगंज। सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी) 57 वाहिनी मुख्यालय में देश का 80वां स्वतंत्रता दिवस हर्षोल्लास एवं देशभक्ति की भावना के साथ मनाया गया। इस अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में बल के अधिकारियों, जवानों एवं उनके परिवारजनों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
स्वतंत्रता दिवस समारोह का शुभारंभ राष्ट्रीय गीत “वंदे मातरम” के सामूहिक गायन के साथ हुआ तत्पश्चात श्री गंगा सिंह उदावत, कमांडेंट 57 वीं वाहिनी द्वारा राष्ट्रीय गान के साथ ध्वजारोहण किया तथा सभी कार्मिकों व उनके परिवारजनों को स्वतंत्रता के इस पर्व की 80 वीं वर्षगांठ की हार्दिक शुभकामनाएं देते हुए जवानों को इस महापर्व के महत्व से अवगत कराया तथा देश की आजादी में बलिदान देने वाले माँ भारती के वीर सपूतों को याद करते हुए उनको राष्ट्र सुरक्षा व राष्ट्र निर्माण के लिए प्रेरित किया।

इसी कड़ी में इस महापर्व को भव्य बनाने के लिए सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन किया गया । श्री गंगा सिंह उदावत, कमांडेंट तथा श्रीमती प्रमोद कँवर (संदीक्षा अध्यक्षा) ने दीप प्रज्वलित कर सांस्कृतिक कार्यक्रमों का शुभारंभ किया जिसमें जवानों एवं परिवारजनों द्वारा विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रमों की मनमोहक प्रस्तुतियां दी गईं, जिनमें देशभक्ति की भावना एवं भारतीय संस्कृति की विविधता की झलक देखने को मिली।
समारोह के दौरान श्री दीपक सिंह जयाडा उप कमांडेंट , श्री दीपक तोमर उप कमांडेंट, श्रीमती प्रियदर्शिनी निहारिका राय उप कमांडेंट ,श्री अनिल कुमार यादव उप कमांडेंट ,श्री अरविंद कुमार सहायक कमांडेंट ,सचिन खेंचि सहायक कमांडेंट, निरीक्षक मनोज कुमार सहायक उप निरीक्षक दीवान सिंह तथा अन्य जवानों ने देश की एकता, अखंडता एवं संप्रभुता की रक्षा हेतु अपने कर्तव्यों का पूर्ण निष्ठा, समर्पण एवं ईमानदारी के साथ निर्वहन करने का संकल्प पुनः दोहराया। सभी ने यह भी संकल्प लिया कि वे सीमाओं की सुरक्षा एवं राष्ट्र सेवा में सदैव तत्पर रहेंगे।

कार्यक्रम के समापन पर सभी अधिकारियों, जवानों एवं उनके परिवारजनों के लिए बड़ा खाना का आयोजन किया गया, जिसमें सभी ने एक साथ बैठकर आत्मीयता, सौहार्द एवं भाईचारे के वातावरण में भोजन ग्रहण किया तथा स्वतंत्रता दिवस की खुशियों को साझा किया। सम्पूर्ण समारोह का वातावरण देशभक्ति, उत्साह, उमंग एवं गौरव की भावना से परिपूर्ण रहा, जिसने सभी के हृदय में राष्ट्रप्रेम की भावना को और अधिक सुदृढ़ किया।