सितारगंज में विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर 6 जून से 12 जून तक आयोजित पर्यावरण मेले के तहत “एक पेड़ मां के नाम” अभियान के अंतर्गत व्यापक पौधरोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान नगरीय पर्यावरण संरक्षण परिषद की उपाध्यक्ष हेमा जोशी ने पौधरोपण कर लोगों को पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक होने का संदेश दिया और अधिक से अधिक पौधे लगाने तथा उनकी देखभाल करने का आह्वान किया।

नगर पालिका परिषद सितारगंज और नगर पंचायत शक्तिगढ़ में आयोजित कार्यक्रम को संबोधित करते हुए हेमा जोशी ने कहा कि पर्यावरण संरक्षण केवल सरकार की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक का कर्तव्य है। उन्होंने कहा कि “एक पेड़ मां के नाम” अभियान प्रकृति और मातृत्व के प्रति सम्मान व्यक्त करने का एक प्रेरणादायक प्रयास है। यदि हर व्यक्ति अपनी मां के नाम एक पौधा लगाकर उसकी देखभाल का संकल्प ले, तो आने वाली पीढ़ियों को स्वच्छ, सुरक्षित और हरित वातावरण मिल सकता है।

कार्यक्रम में पालिकाध्यक्ष सुखदेव सिंह ने कहा कि यह अभियान लोगों को प्रकृति से भावनात्मक रूप से जोड़ने का कार्य कर रहा है। वहीं नगर पंचायत अध्यक्ष सुमित मंडल ने कहा कि पर्यावरण संतुलन बनाए रखने के लिए पौधरोपण सबसे प्रभावी उपायों में से एक है और इस तरह के अभियान समाज में सकारात्मक संदेश देने के साथ लोगों की भागीदारी भी बढ़ाते हैं।

इस अवसर पर स्थानीय जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों और नागरिकों ने भी पौधरोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संकल्प लिया। कार्यक्रम में ईओ प्रतिभा कोहली, प्रभारी ईओ प्रियंका रैक्वाल, नवीन बोरा, सतीश उपाध्याय, सुनीता सरकार, कार्तिक राय, पंकज तिवारी, मनोज सरकार, गौरव बिष्ट, हर्षवर्धन, गणेश सरकार सहित अनेक लोग उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *