रूद्रपुर।सोशल मीडिया पर असलहों के साथ रील बनाकर धौंस जमाने वालों के विरुद्ध वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक द्वारा चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना कोतवाली पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने एक युवती को इंस्टाग्राम पर लाइसेन्सी पिस्टल लहराते हुए वीडियो अपलोड करने के आरोप में पकड़ा है साथ ही पिस्टल के मालिक उसके रिश्तेदार के खिलाफ भी आर्म्स एक्ट के तहत कार्रवाई की गई है।
मामला शुक्रवार शाम का है जब चौकी प्रभारी सुरेंद्र सिंह रिंगवाल अपनी टीम के साथ बगवाड़ा क्षेत्र में गश्त पर थे। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि कृषि मंडल नाम की इंस्टाग्राम आईडी पर पीले रंग का सूट पहनकर हाथ में पिस्टल लहराने वाली लड़की अपने एक परिचित के साथ रामनगर फ्लाई ओवर के पास रिंग रोड पर वीडियो बना रही है। सूचना पर त्वरित कार्रवाई करते हुए पुलिस टीम ने घेराबंदी कर मौके से रिया (निवासी ट्रांजिट कैंप) और उसके साथ मौजूद सोना कुमार (निवासी दिनेशपुर) को हिरासत में लिया। पूछताछ में रिया मंडल ने स्वीकार किया कि उसने रुद्रपुर में एक शादी के दौरान अपने रिश्तेदार सोना कुमार की लाइसेन्सी पिस्टल के साथ शौकवश वीडियो बनाकर इंस्टाग्राम पर अपलोड की थी। वहीं प्रॉपर्टी डीलर सोना कुमार ने बताया कि उसने अपनी मौसी लगने वाली रिया को फोटो खींचने के लिए अपनी पिस्टल दी थी।
पुलिस ने मौके से सोना कुमार के कब्जे से एक ऑटोमैटिक पिस्टल,उसका लाइसेंस और 5 जिंदा कारतूस बरामद किए। पुलिस ने बताया कि यह कृत्य आर्म्स एक्ट की धारा 30 का उल्लंघन है। बरामद पिस्टल मेड इन इंडिया गार्जियन 1911 मॉडल की है। पुलिस ने बरामद असलहे और कारतूसों को सील कर कब्जे में ले लिया है। चूंकि यह अपराध सात वर्ष से कम की सजा की श्रेणी में आता है इसलिए पुलिस ने पकड़े गए दोनों अभियुक्तों रिया और सोना कुमार को धारा 35(3) बीएनएसएस का नोटिस तामील कराते हुए जांच में सहयोग के आश्वासन पर रिहा कर दिया है। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि सोशल मीडिया पर हथियारों का प्रदर्शन किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
(आधुनिक दुनिया को सभी स्थानों पर संवाददाताओं की आवश्यकता है। इच्छुक संपर्क करें- 8923815100 व्हाट्अप पर अपना नाम, स्थान, यदि कोई अनुभव है तो उसकी जानकारी और कहां से संवाददाता बनना चाहते हैं उस स्थान का नाम लिखें संपर्क करें। यदि आप पत्रकारिता सीखने के इच्छुक हैं, तो भी संपर्क कर सकते हैं।)