पूरनपुर। पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत थाना पूरनपुर पुलिस को एक बड़ी सफलता मिली है। पुलिस टीम ने मुखबिर की सटीक सूचना पर कार्रवाई करते हुए आत्महत्या के लिए दुष्प्रेरण (उकसाने) के मामले में वांछित चल रही दो महिला अभियुक्ताओं को पीलीभीत रोड स्थित हरसिंहपुर गुरुद्वारा के पास से गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तार की गई महिलाओं की पहचान कुलदीप कौर (पत्नी रंजीत सिंह) और गुरप्रीत कौर (पुत्री रंजीत सिंह) के रूप में हुई है, जो थाना पूरनपुर के ग्राम शेरपुर मकरन्दपुर की रहने वाली हैं। पुलिस ने दोनों के खिलाफ आवश्यक वैधानिक कार्यवाही पूरी कर उन्हें माननीय न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया है।
इस मामले की शुरुआत बीते 20 जून 2026 को हुई थी, जब मृतका रुपिन्दर कौर अपने घर से बिना बताए कहीं चली गई थी। मृतका के पिता बल्देव सिंह की तहरीर पर शुरुआत में थाना गजरौला में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज की गई थी। खोजबीन के दौरान 22 जून 2026 को रुपिन्दर कौर का शव जनपद शाहजहाँपुर के थाना बण्डा क्षेत्र के अंतर्गत आने वाली ररुआ नहर से बरामद हुआ। शव मिलने के बाद मृतका के पिता की तहरीर के आधार पर थाना पूरनपुर में मुकदमा अपराध संख्या 280/2026 के तहत धारा 103(1) बीएनएस में मामला पंजीकृत किया गया था।
पुलिस द्वारा मामले की गहनता से विवेचना करने और साक्ष्य जुटाने के बाद यह बात सामने आई कि यह मामला आत्महत्या के लिए उकसाने का है, जिसके बाद मुकदमे में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 108 जोड़ी गई। इसी मामले में वांछित चल रही दोनों महिलाओं को अब पुलिस ने सलाखों के पीछे भेज दिया है।
कार्रवाई करने वाली पुलिस टीम
इस पूरी कार्रवाई को अंजाम देने वाली पूरनपुर थाना पुलिस टीम में मुख्य रूप से पवन कुमार पाण्डेय (प्रभारी निरीक्षक) श्रीमती पिंकी यादव (महिला उपनिरीक्षक), सौरभ प्रजापति (कांस्टेबल) शालू (महिला कांस्टेबल) शामिल रहें।