आगरा। आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे पर मंगलवार को एक बड़ा सड़क हादसा हो गया। लखनऊ से आगरा आ रही एक वोल्वो बस फतेहाबाद क्षेत्र में अचानक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खाई में उतर गई। हादसे के समय बस में करीब 60 यात्री सवार थे, जिससे मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, हादसे की वजह बस चालक को सफर के दौरान झपकी आना बताई जा रही है। चालक के वाहन पर से नियंत्रण खोने के बाद बस एक्सप्रेसवे से नीचे खाई में उतर गई। हादसे में छह यात्री घायल हुए हैं।


सूचना मिलते ही पुलिस और राहत-बचाव दल मौके पर पहुंच गया। सभी घायलों को तत्काल बाहर निकालकर उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया। राहत की बात यह रही कि किसी यात्री के हताहत होने की सूचना नहीं है।
पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त बस को हटाकर यातायात सुचारु कराया और मामले की जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि हादसे के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है तथा चालक की स्थिति और दुर्घटना के कारणों का भी परीक्षण किया जाएगा।