सितारगंज (ऊधम सिंह नगर): राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय सितारगंज के छात्र संघ चुनाव में राजविंदर कौर ने अध्यक्ष पद पर ऐतिहासिक जीत दर्ज की है। शनिवार को कड़ी सुरक्षा के बीच हुए मतदान में राजविंदर ने अपने निकटतम प्रतिद्वंदी गौरव सिंह फर्त्याल को 288 वोटों के भारी अंतर से शिकस्त दी।
कानूनी लड़ाई के बाद मिली जीत
उल्लेखनीय है कि पूर्व में नामांकन निरस्त होने के कारण गौरव फर्त्याल को निर्विरोध अध्यक्ष घोषित कर दिया गया था। राजविंदर कौर ने इस फैसले को नैनीताल हाईकोर्ट में चुनौती दी थी। कोर्ट के आदेश पर दोबारा हुए मतदान में छात्रों ने राजविंदर के पक्ष में एकतरफा फैसला सुनाया।
मतदान का गणित
- कुल मतदाता: 2135
- कुल पड़े वोट: 459
- राजविंदर कौर: 372 वोट
- गौरव फर्त्याल: 84 वोट
- नोटा/निरस्त: 03 (2 निरस्त, 1 नोटा)
शपथ ग्रहण और उत्साह
परिणाम घोषित होने के तुरंत बाद कॉलेज की प्राचार्य प्रो. रेनू रानी बंसल ने नवनिर्वाचित अध्यक्ष राजविंदर कौर को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई। जीत की घोषणा होते ही समर्थकों ने कॉलेज परिसर में जश्न मनाया। इस अवसर पर डॉ. जगदीपक जोशी, डॉ. एमसी आर्य, डॉ. अभिमन्यु कुमार और डॉ. संजय टम्टा समेत कॉलेज का समस्त स्टाफ मौजूद रहा।