​पीलीभीत। जनपद के नवागत मुख्य चिकित्सा अधिकारी (सीएमओ) डॉ. भुवन चंद्र पंत ने कार्यभार ग्रहण करने के बाद अपनी प्राथमिकताओं को स्पष्ट किया है। उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य विभाग की सभी जनकल्याणकारी योजनाओं और कार्यक्रमों का धरातल पर बेहतर क्रियान्वयन करना उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता रहेगी। उनका मुख्य प्रयास यह रहेगा कि पीलीभीत स्वास्थ्य सूचकांकों में पिछड़ने के बजाय प्रदेश के शीर्ष जिलों में अपना स्थान मजबूती से बनाए रखे।
​नवागत सीएमओ ने बताया कि आयुष्मान भारत योजना, एचपीवी वैक्सीनेशन, नियमित टीकाकरण, एनसीडी स्क्रीनिंग और जननी सुरक्षा योजना जैसी महत्वपूर्ण योजनाओं का सीधा लाभ हर पात्र व्यक्ति तक पहुँचाया जाएगा। इसके लिए ग्रासरूट स्तर पर कार्यरत आशा बहुओं और एएनएम के साथ नियमित बैठकें कर उनके कार्यों की गहन समीक्षा की जाएगी।
​डॉ. पंत ने सुरक्षित मातृत्व पर विशेष जोर देते हुए कहा कि ‘हाई रिस्क प्रेग्नेंसी’ (उच्च जोखिम वाली गर्भावस्था) की शिकार महिलाओं की समय से पहचान कर उनका सुरक्षित प्रसव सुनिश्चित कराया जाएगा। इसके साथ ही ‘टीबी मुक्त भारत अभियान’ के सभी मानकों पर जिले में प्रभावी ढंग से कार्य किया जाएगा। उन्होंने जनपद के आकांक्षी विकास क्षेत्र पूरनपुर में स्वास्थ्य सेवाओं को और सुदृढ़ करने के लिए वहां की योजनाओं की नियमित मॉनिटरिंग और सुधार पर विशेष बल देने की बात कही।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *