पीलीभीत। जनपद के थाना जहानाबाद क्षेत्र के अंतर्गत ग्राम बालपुर पट्टी में सोशल मीडिया पर वीडियो लाइक करने के मामूली विवाद को लेकर एक युवक पर जानलेवा हमला करने का मामला प्रकाश में आया है। दबंगों ने युवक को बुरी तरह पीटने के बाद उसके सिर पर ईंट मारकर उसे लहूलुहान कर दिया और भविष्य में वीडियो लाइक न करने पर जान से मारने की धमकी भी दी।
पीड़ित रोहित पुत्र गोकिल प्रसाद ने थाने में दी तहरीर में बताया कि उसके गाँव के ही निवासी वीरेन्द्र की पत्नी किरन एक ब्लॉगर है और सोशल मीडिया पर वीडियो पोस्ट करती है। आरोप है कि शनिवार सुबह करीब 11:30 बजे वीरेन्द्र ने रोहित से अपनी पत्नी की वीडियो लाइक करने को कहा। जब रोहित ने असमर्थता जताते हुए कहा कि उसके पास छोटा मोबाइल है और वह सोशल मीडिया का उपयोग नहीं करता, तो इस बात पर वीरेन्द्र और उसका भाई हरिओम भड़क गए। दोनों भाइयों ने रोहित के साथ गाली-गलौज शुरू कर दी और विरोध करने पर उसे जमीन पर गिराकर बेरहमी से पीटना शुरू कर दिया।
हमले के दौरान आरोपियों ने रोहित के सिर पर ईंट से वार कर दिया, जिससे उसका सिर फट गया और काफी खून बहने लगा। पीड़ित का आरोप है कि जाते समय हमलावरों ने उसे धमकी दी कि अगर उसने वीडियो लाइक नहीं की तो उसे जान से मार दिया जाएगा। घायल युवक ने जहानाबाद थाने पहुंचकर पुलिस से न्याय की गुहार लगाई है। पुलिस ने तहरीर के आधार पर मामले की जांच और कानूनी कार्यवाही शुरू कर दी है।