सितारगंज। सुरक्षा उपकरण बनाने वाली कंपनी करम के श्रमिकों ने वेतन वृद्धि सहित 10 सूत्रीय मांगों को लेकर एक दिवसीय कार्य बहिष्कार किया। इस दौरान श्रमिकों ने कंपनी गेट के सामने एकत्रित होकर कंपनी प्रबंधन के खिलाफ कड़ी नाराजगी जताई।
बुधवार को कंपनी गेट पर एकत्रित श्रमिकों ने बताया कि लंबे समय से उनके वेतन में वृद्धि नहीं हुई है। उनसे जबरन ओवरटाइम कराया जा रहा है। त्योहारों के अवकाश पर वेतन में कटौती की जा रही है। कैंटीन में खाने की गुणवत्ता नहीं है। कंपनी अधिकारी अभ्रदता करते है। कई बार शिकायत के बावजूद कंपनी प्रबंधन ने कोई कार्रवाई नहीं की। जिस कारण कर्मचारियों में असंतोष बढ़ गया।
श्रम विभाग की मध्यस्थता में कंपनी प्रबंधन और श्रमिक प्रतिनिधियों के बीच कई घंटों तक वार्ता चली। जिसके बाद दोनों पक्षों के बीच 10 महत्वपूर्ण मांगों पर सहमति बन गई।
समझौते में तय किया गया कि स्थायी श्रमिक अपनी वेतन वृद्धि को लेकर मांग पत्र प्रबंधन को सौंपेंगे, जिस पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। वहीं, संविदा श्रमिकों को उनके कार्य अनुभव के आधार पर कुशल श्रेणी में शामिल करने पर सहमति बनी। ओवरटाइम को लेकर भी अहम निर्णय लिया गया। प्रबंधन ने स्पष्ट किया कि कारखाना अधिनियम 1948 के प्रावधानों के अनुसार ही ओवरटाइम कराया जाएगा और किसी भी कर्मचारी से जबरन अतिरिक्त कार्य नहीं लिया जाएगा। कर्मचारियों को दिए जाने वाले मासिक चार अवकाश रोस्टर के अनुसार निर्धारित होंगे तथा प्रत्येक माह की शुरुआत में रोस्टर की प्रति नोटिस बोर्ड पर चस्पा की जाएगी।
सभी श्रमिकों को कैंटीन में भोजन की गुणवत्तायुक्त एवं पर्याप्त भोजन उपलब्ध कराने का आश्वासन दिया। साथ ही भोजन की दरों की पुनः निर्धारित कर कर्मचारियों के हित में संशोधन करने पर सहमति जताई गई। इसके अलावा य़ह भी तय हुआ कि सभी श्रमिकों के साथ सम्मानजनक व्यवहार किया जाएगा। आवश्यकता पड़ने पर आवेदन देने के तुरंत बाद सैलरी स्लिप उपलब्ध कराई जाएगी। बोनस नियमानुसार दिया जाएगा तथा त्योहारों के अवकाश का वेतन सभी कर्मचारियों को समान रूप से मिलेगा। त्योहारों के दिन वेतन कटौती नहीं की जाएगी।
वहीं, पीस रेट पर कार्य करने वाले श्रमिकों के लिए भी राहतभरी घोषणा की गई। उनकी पूर्व निर्धारित दरों में 4 प्रतिशत की बढ़ोतरी कर अप्रैल 2026 के वेतन से एरियर सहित भुगतान करने पर सहमति बनी।
वार्ता सफल होने के बाद श्रमिकों ने कार्य बहिष्कार को समाप्त किया। श्रमिक नेताओं ने कहा कि यदि समझौते के बिंदुओं को समय पर लागू नहीं किया गया तो भविष्य में फिर आंदोलन किया जाएगा। वहीं, एचआर हैदर अब्बास ने श्रमिक हितों का ध्यान रखते हुए बेहतर कार्य वातावरण बनाए रखने का भरोसा दिलाया। वहां चेयरमैन सुमित मंडल, सितारगंज-सिडकुल वेलफेयर एसोसिएशन के अध्यक्ष कृष्णा सत्यवली, गोविंद तालुकदार, सूरज बाला, सुरेश मंडल, विश्वजीत, भुवन भट्ट, टीकाराम, कुलदीप, तपन, गोपाल, विशाल, सहित अन्य उपस्थित रहें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *