​​पीलीभीत। थाना सुनगढ़ी पुलिस ने क्षेत्र में हुई चोरी की एक वारदात का सफल अनावरण करते हुए दो अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है। पुलिस अधीक्षक के निर्देशन और अपर पुलिस अधीक्षक के पर्यवेक्षण में अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत, पुलिस टीम ने शनिवार को चोरी के माल के साथ दो सगे भाइयों को जेल भेज दिया। पकड़े गए अभियुक्तों के पास से चोरी किया गया एक लैपटॉप और चांदी का मुकुट बरामद हुआ है।
​घटना के विवरण के अनुसार, बीती 8 फरवरी 2026 को मोहल्ला एकतानगर निवासी राजकुमार उर्फ राजू के कृष्णलोक कॉलोनी स्थित कार्यालय का ताला तोड़कर अज्ञात चोरों ने एक लैपटॉप, सीसीटीवी कैमरा डिवाइस, नकदी, चांदी का मुकुट और 8 एटीएम कार्ड चोरी कर लिए थे। इस मामले में पुलिस ने धारा 305A/331 (4) बीएनएस के तहत मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की थी। शनिवार को मुखबिर की सूचना पर सुनगढ़ी पुलिस टीम ने ग्राम बरहा से पूरनपुर गेट चौकी को जाने वाले रास्ते से शिवओम गंगवार और विनय गंगवार (निवासी मोहल्ला नई बस्ती, संतोष गुप्ता वाली गली) को गिरफ्तार कर लिया।
​पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार अभियुक्तों में से विनय गंगवार का पुराना आपराधिक इतिहास रहा है, जिस पर पूर्व में आबकारी अधिनियम और चोरी की धाराओं में कई मुकदमे दर्ज हैं। गिरफ्तारी करने वाली टीम में उपनिरीक्षक अनिल कुमार सिंह, हेड कांस्टेबल वसीम अहमद और कांस्टेबल अजय यादव शामिल रहे। पुलिस ने अभियुक्तों के विरुद्ध विधिक कार्यवाही पूरी कर उन्हें माननीय न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया, जहाँ से उन्हें जेल भेज दिया गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *