भवाली। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भवाली में रविवार को अंतरराष्ट्रीय नर्स दिवस हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। आधुनिक नर्सिंग की जननी फ्लोरेंस नाइटिंगेल के जन्मदिवस पर आयोजित कार्यक्रम में चिकित्सालय के डॉक्टरों, नर्सिंग अधिकारियों और कर्मचारियों ने उनकी प्रतिमा पर पुष्प अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी।

कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए चिकित्सा अधीक्षक डॉ. रमेश कुमार ने सभी नर्सिंग अधिकारियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि चिकित्सा क्षेत्र में नर्सों का योगदान रीढ़ की हड्डी के समान है। उन्होंने कहा कि मरीजों की देखभाल और सेवा में नर्सिंग स्टाफ की भूमिका बेहद महत्वपूर्ण होती है।

इस अवसर पर रेडियोलॉजिस्ट डॉ. नर सिंह गुंजियाल, डॉ. रोहित ग्रोवर और डॉ. गर्वित चौहान ने नर्सिंग स्टाफ की कार्यकुशलता, धैर्य और समर्पण की सराहना की। वहीं फार्मेसी अधिकारी सी.एम. जोशी ने स्वास्थ्य सेवाओं में टीम वर्क और समन्वय को आवश्यक बताया।

कार्यक्रम के दौरान नर्सिंग अधिकारियों ने भी अपने विचार साझा किए। नर्सिंग ऑफिसर सुनीता आर्या ने कहा कि नर्स केवल इलाज नहीं करती, बल्कि मरीजों को उम्मीद और हिम्मत भी देती है। सीमा बिष्ट ने सेवा भावना और मधुर व्यवहार को नर्सिंग का सबसे बड़ा गुण बताया। फहीम अंसारी ने नर्सों को “सफेद कोट में छिपे फरिश्ते” बताया, जबकि सोनू आर्या ने नर्सिंग को करुणा, सेवा और प्रेम की अद्भुत कला कहा।

कार्यक्रम के अंत में सभी स्वास्थ्य कर्मियों ने मानवता की सेवा के लिए सदैव तत्पर रहने और फ्लोरेंस नाइटिंगेल के आदर्शों पर चलने का संकल्प लिया। इस दौरान अस्पताल परिवार ने एक-दूसरे का मुंह मीठा कराकर खुशी भी साझा की।

(आधुनिक दुनिया को सभी स्थानों पर संवाददाताओं की आवश्यकता है। इच्छुक संपर्क करें- 8923815100 व्हाट्अप पर अपना नाम, स्थान, यदि कोई अनुभव है तो उसकी जानकारी और कहां से संवाददाता बनना चाहते हैं उस स्थान का नाम लिखें संपर्क करें। यदि आप पत्रकारिता सीखने के इच्छुक हैं, तो भी संपर्क कर सकते हैं।)

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Site designed and maintained by Lalit Rastogi