सितारगंज। राजकीय पीजी महाविद्यालय सितारगंज में शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए स्नातक प्रथम वर्ष की प्रवेश प्रक्रिया शुरू हो गई है। महाविद्यालय प्रशासन ने बीए, बीएससी और बीकॉम प्रथम सेमेस्टर में प्रवेश के लिए पहली वरीयता सूची समर्थ पोर्टल और महाविद्यालय की वेबसाइट पर जारी कर दी है।
महाविद्यालय प्रशासन के अनुसार प्रथम वरीयता सूची में शामिल अभ्यर्थियों के प्रवेश 17 जुलाई से 23 जुलाई 2026 तक किए जाएंगे। वहीं प्रवेश शुल्क जमा करने की अंतिम तिथि 24 जुलाई 2026 निर्धारित की गई है। निर्धारित समय सीमा के भीतर ही सभी औपचारिकताएं पूरी करनी होंगी।
महाविद्यालय की प्राचार्य डॉ. रेनू रानी बंसल ने अभ्यर्थियों से निर्धारित तिथि पर सभी आवश्यक मूल प्रमाण-पत्रों एवं उनकी स्वप्रमाणित छायाप्रतियों के साथ प्रवेश समिति के समक्ष उपस्थित होने की अपील की है। उन्होंने स्पष्ट किया कि निर्धारित समय के बाद आने वाले अभ्यर्थियों के प्रवेश पर विचार नहीं किया जाएगा और इसकी पूरी जिम्मेदारी संबंधित छात्र-छात्रा की होगी।