सितारगंज। ऊधम सिंह नगर की सितारगंज पुलिस ने करीब दो महीने से लापता 14 वर्षीय नाबालिग को केरल के पालक्काड जिले से सकुशल बरामद कर लिया है। पुलिस ने मामले में नाबालिग को अपने साथ ले जाने के आरोपी 23 वर्षीय आफताब को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार आरोपी अलग-अलग राज्यों में नाई/बार्बर का काम करता रहा है।
यह कार्रवाई वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ऊधम सिंह नगर अजय गणपति के निर्देशन तथा पुलिस अधीक्षक नगर और क्षेत्राधिकारी सितारगंज के पर्यवेक्षण में की गई।
20 जुलाई को दर्ज हुई थी गुमशुदगी
पुलिस के मुताबिक, 20 जुलाई 2026 को सितारगंज क्षेत्र से 14 वर्षीय नाबालिग के लापता होने की सूचना मिली थी। नाबालिग की माता की तहरीर के आधार पर कोतवाली सितारगंज में एफआईआर संख्या 362/26 दर्ज कर पुलिस ने तलाश शुरू की।
जांच के दौरान पुलिस को संदिग्ध के बारे में जानकारी मिली कि वह अलग-अलग राज्यों में नाई/बार्बर का काम करता रहा है। इस आधार पर पुलिस टीम ने दिल्ली समेत कई संभावित स्थानों पर तलाश और सुरागरसी-पतारसी की, लेकिन शुरुआती दौर में कोई ठोस सफलता नहीं मिली।
केरल में होने की मिली सूचना
लगातार जांच के दौरान पुलिस को मुखबिर से महत्वपूर्ण जानकारी मिली कि संदिग्ध पूर्व में केरल में नाई का काम कर चुका है और वर्तमान में वहीं हो सकता है।
सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने संदिग्ध के संभावित ठिकानों और उसके द्वारा बार्बर का काम किए जाने वाले स्थानों की जानकारी जुटाई। इसके बाद टीम केरल पहुंची और स्थानीय पुलिस के सहयोग से संभावित स्थानों पर तलाश शुरू की।
पुलिस के अनुसार मुखबिर तंत्र, तकनीकी जानकारी और मानवीय सूचनाओं के आधार पर लगातार सुरागरसी-पतारसी करते हुए टीम थाना चालिस्सेरी, जनपद पालक्काड क्षेत्र तक पहुंची।
आरोपी गिरफ्तार, नाबालिग सकुशल बरामद
अथक प्रयासों के बाद पुलिस ने आफताब पुत्र अलकाब हुसैन, निवासी कुँवरपुर सिसैया, सितारगंज, उम्र 23 वर्ष को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने उसके कब्जे से 14 वर्षीय नाबालिग को सकुशल बरामद किया।
नाबालिग को महिला पुलिसकर्मी की निगरानी में सुरक्षित संरक्षण में लिया गया। पुलिस ने आवश्यक वैधानिक प्रक्रिया पूरी करते हुए उसे परिजनों से मिलाने की कार्रवाई सुनिश्चित की।
POCSO समेत धाराएं बढ़ाईं
पुलिस के मुताबिक, विवेचना के दौरान सामने आए तथ्यों के आधार पर मुकदमे में धारा 137(2), 87(1), 65(1) बीएनएस तथा धारा 5/6 पॉक्सो अधिनियम की बढ़ोतरी की गई है। आरोपी के खिलाफ अग्रिम वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस टीम
कार्रवाई में प्रभारी निरीक्षक सुन्दरम शर्मा, उपनिरीक्षक कैलाश सिंह देव, महिला कांस्टेबल ज्योति शर्मा, कांस्टेबल प्रेम कन्वाल तथा स्थानीय पुलिस थाना चालिस्सेरी, केरल की टीम शामिल रही।