सितारगंज। उत्तराखंड मत्स्य विभाग की ओर से राष्ट्रीय मत्स्य पालक दिवस के अवसर पर भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस मौके पर उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले मत्स्य पालकों को सम्मानित किया गया। साथ ही, विभिन्न योजनाओं के लाभार्थियों को स्वीकृति पत्र और चेक वितरित किया गया।
शुक्रवार को शक्तिफार्म स्थित उप मंडी परिसर में आयोजित कार्यक्रम में कैबिनेट मंत्री सौरभ बहुगुणा ने कहा कि राज्य सरकार मत्स्य पालन को स्वरोजगार और किसानों की आय बढ़ाने का सशक्त माध्यम बनाने के लिए लगातार कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मत्स्य संपदा योजना सहित विभिन्न योजनाओं के माध्यम से मत्स्य पालकों को आर्थिक सहायता, प्रशिक्षण और आधुनिक संसाधन उपलब्ध कराए जा रहे हैं। जिससे उनकी आय में वृद्धि हो रही है।


उन्होंने कहा कि शक्तिफार्म में मत्स्य क्षेत्र के विकास को नई दिशा देने के लिए प्रहलाद पलसिया में अत्याधुनिक एक्वा पार्क स्थापित किया जा रहा है। इसके साथ ही सितारगंज में उप मंडी विकसित की जाएगी। जहां मत्स्य उत्पादों के भंडारण, प्रसंस्करण और विपणन की आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध होंगी। इससे मत्स्य पालकों को अपनी उपज का बेहतर मूल्य मिलेगा और रोजगार के नए अवसर भी सृजित होंगे।
इस दौरान विभागीय अधिकारियों एवं विशेषज्ञों ने आधुनिक मत्स्य पालन तकनीकों, गुणवत्तायुक्त मत्स्य बीज उत्पादन, प्रधानमंत्री मत्स्य संपदा योजना सहित विभाग की अन्य योजनाओं की विस्तृत जानकारी दी। साथ ही, मत्स्य व्यवसाय में उपलब्ध संभावनाओं और सरकारी सहायता प्राप्त करने की प्रक्रिया से भी प्रतिभागियों को अवगत कराया गया।


वहां कार्यक्रम में राज्य मत्स्य पालक विकास अभिकरण के उपाध्यक्ष उत्तम दत्ता, सीमा चौहान, नगर पंचायत अध्यक्ष सुमित मंडल, ब्लॉक प्रमुख उपकार सिंह बल, दुग्ध संघ अध्यक्ष प्रभा रावत, सांसद प्रतिनिधि कार्तिक राय, मत्स्य निदेशक चंद्र सिंह धर्मसत्तु, उपनिदेशक अनिल कुमार, प्रमोद कुमार शुक्ला, मत्स्य निरीक्षक अमित कुमार कुशवाहा सहित सैकड़ों मत्स्य पालक उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Site designed and maintained by Lalit Rastogi