सितारगंज (उधम सिंह नगर): व्यापार के नाम पर धोखाधड़ी और सुनियोजित विश्वासघात का एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। सितारगंज के एक प्रतिष्ठित एफएमसीजी (FMCG) व्यापारी से लाखों रुपये हड़पने के आरोप में पुलिस ने लखनऊ की एक मल्टीट्रेड कंपनी के प्रबंधक समेत तीन लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है।
बातों के जाल में फंसाया, फिर सात लाख हड़पे
वार्ड नंबर 9 निवासी संजीव गोयल (फर्म: शिव ट्रेडिंग कंपनी) ने बताया कि फरवरी 2025 में लखनऊ स्थित वी-राइड इंडिया मल्टीट्रेड कंपनी के प्रतिनिधि नीरज त्यागी ने उन्हें झांसे में लिया। कंपनी का डिस्ट्रीब्यूटर बनाने का लालच देकर संजीव से 7 लाख रुपये एडवांस जमा करा लिए गए। वादा था कि 10 दिन में माल मिल जाएगा, लेकिन हकीकत कुछ और ही निकली।
धोखाधड़ी का ‘डबल गेम’: खाता फ्रीज हुआ तो फिर रचा नाटक
मार्च 2025 में कंपनी ने सिर्फ 1.43 लाख का माल भेजकर औपचारिकता पूरी की और बाकी के 5.56 लाख रुपये दबा लिए। थक-हारकर संजीव ने अगस्त 2025 में ‘एनसीआरपी पोर्टल’ पर शिकायत कर कंपनी का बैंक खाता फ्रीज करा दिया।
असली खेल यहाँ शुरू हुआ—कंपनी के निदेशक शशिकांत यादव ने ईमेल के जरिए संजीव से संपर्क किया और वादा किया कि अगर वे खाता ‘अन-फ्रीज’ करा दें, तो बकाया माल तुरंत भेज दिया जाएगा। संजीव ने इंसानियत के नाते भरोसा किया और खाता अन-फ्रीज करा दिया, लेकिन शातिर कंपनी ने न माल भेजा और न ही पैसे वापस किए।
पुलिस एक्शन में: तीन पर FIR दर्ज
खुद को ठगा हुआ महसूस कर संजीव गोयल ने पुलिस की शरण ली। पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए कंपनी प्रबंधक और प्रतिनिधि समेत तीन के खिलाफ धोखाधड़ी और विश्वासघात की धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर ली है।
पुलिस का बयान:
“व्यापारी की तहरीर पर मुकदमा पंजीकृत कर लिया गया है। लखनऊ की संबंधित कंपनी और उसके पदाधिकारियों की जांच की जा रही है। जल्द ही आरोपियों को हिरासत में लिया जाएगा।”
(आधुनिक दुनिया को सभी स्थानों पर संवाददाताओं की आवश्यकता है। इच्छुक संपर्क करें- 8923815100 व्हाट्अप पर अपना नाम, स्थान, यदि कोई अनुभव है तो उसकी जानकारी और कहां से संवाददाता बनना चाहते हैं उस स्थान का नाम लिखें संपर्क करें। यदि आप पत्रकारिता सीखने के इच्छुक हैं, तो भी संपर्क कर सकते हैं।)