सितारगंज। उत्तराखंड की सितारगंज पुलिस को रात्रि चेकिंग के दौरान एक बड़ी कामयाबी हाथ लगी है। पुलिस टीम ने नकटपुरा चौराहे के पास से एक युवक को अवैध तमंचे के साथ रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। आरोपी युवक राहगीरों को डरा-धमकाकर लूटपाट करने की साजिश रच रहा था, लेकिन वह अपनी योजना को अंजाम दे पाता, उससे पहले ही पुलिस ने उसे दबोच लिया। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।

बेरोजगारी के चलते बनाई थी राहगीरों को लूटने की योजना
जानकारी के अनुसार, पुलिस की टीम क्षेत्र में शांति व सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के लिए नकटपुरा चौराहे से मैनाझुंडी जाने वाले रास्ते पर रूटीन चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान एक संदिग्ध युवक पुलिस को देखकर छिपने का प्रयास करने लगा। पुलिस कर्मियों ने तत्परता दिखाते हुए घेराबंदी कर उसे रोक लिया। जब उसकी जामा तलाशी ली गई, तो उसके पास से एक अवैध तमंचा बरामद हुआ। पुलिस पूछताछ में आरोपी की पहचान मोहम्मद शान (उम्र 34 वर्ष), निवासी ग्राम मुंडलिया गौसू, अमरिया (जनपद पीलीभीत, उत्तर प्रदेश) के रूप में हुई है।

तमंचा दिखाकर वारदात को अंजाम देने की फिराक में था आरोपी
कड़ी पूछताछ में आरोपी मोहम्मद शान ने अपना जुर्म कबूल करते हुए बताया कि वह लंबे समय से बेरोजगार है और पैसों की तंगी से जूझ रहा है। इसी के चलते उसने शॉर्टकट से पैसे कमाने के लिए राह चलते लोगों को तमंचा दिखाकर लूटने की यह खतरनाक योजना बनाई थी। उसने यह भी स्वीकार किया कि वारदात के दौरान खुद के बचाव और लोगों में खौफ पैदा करने के लिए ही उसने यह अवैध हथियार अपने पास रखा था। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार करने के बाद उसे माननीय न्यायालय में पेश करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है।


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *