सितारगंज। राह चलती महिला से झपट्टा मारकर मोबाइल फोन छीनने के मामले का सितारगंज पुलिस ने खुलासा करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से छीना गया Samsung Galaxy F17 5G मोबाइल फोन और घटना में प्रयुक्त प्लेटिना मोटरसाइकिल बरामद की है। पुलिस के अनुसार आरोपी दोबारा मोबाइल झपटमारी की वारदात को अंजाम देने की फिराक में सिडकुल क्षेत्र में घूम रहा था, जिसे पुलिस ने वारदात से पहले ही पकड़ लिया।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ऊधमसिंहनगर अजय गणपति के निर्देशन में अपराध एवं अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत यह कार्रवाई की गई। पुलिस अधीक्षक नगर और क्षेत्राधिकारी सितारगंज के पर्यवेक्षण तथा प्रभारी निरीक्षक कोतवाली सितारगंज सुंदरम शर्मा के नेतृत्व में पुलिस टीम मोबाइल झपटमारी के मामले की जांच कर रही थी।

कोतवाली सितारगंज में दर्ज मु0अ0सं0 461/2026, धारा 304(2) बीएनएस के तहत दर्ज मामले के खुलासे और वांछित आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम लगातार सुरागरसी-पतारसी कर रही थी।

14 सितंबर 2026 को सिडकुल क्षेत्र में संदिग्ध व्यक्तियों की चेकिंग और वांछित आरोपी की तलाश के दौरान पुलिस टीम को मुखबिर से सूचना मिली। सूचना के आधार पर टीम ने गुजरात-अंबुजा फैक्ट्री जाने वाली सर्विस रोड के पास घेराबंदी की। यहां काले रंग की प्लेटिना मोटरसाइकिल पर संदिग्ध अवस्था में घूम रहे एक युवक को पुलिस ने मोटरसाइकिल समेत पकड़ लिया।

पुलिस के अनुसार तलाशी लेने पर युवक की पैंट की दाहिनी जेब से Samsung Galaxy F17 5G मोबाइल फोन, लाइट ब्लू रंग, स्लेटी कवर सहित बरामद हुआ। मोबाइल की जांच करने पर उसके IMEI नंबर 350133663245939 और 351919283245930 पाए गए।

पूछताछ में आरोपी ने पुलिस को बताया कि 7 सितंबर 2026 की शाम करीब छह बजे वह अपनी प्लेटिना मोटरसाइकिल से वमनपुरी/प्रयास हॉस्पिटल के पास पहुंचा था। आरोप है कि वहां उसने चलती मोटरसाइकिल से राह चलती महिला के हाथ से झपट्टा मारकर मोबाइल फोन छीन लिया था।

दोबारा वारदात की फिराक में था आरोपी

पुलिस के मुताबिक पूछताछ में आरोपी ने यह भी बताया कि 14 सितंबर को वह दोबारा सिडकुल क्षेत्र में काम करने वाली महिलाओं से मोबाइल फोन छीनने की नीयत से घूम रहा था। पुलिस टीम ने उसे कथित वारदात को अंजाम देने से पहले ही गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस ने आरोपी के कब्जे से घटना में प्रयुक्त काले रंग की प्लेटिना मोटरसाइकिल संख्या UK06AE3138 भी बरामद कर ली।

बरामद मोबाइल फोन को पुलिस ने मु0अ0सं0 461/2026 से संबंधित पाया। आरोपी की गिरफ्तारी और मोबाइल की बरामदगी के आधार पर मुकदमे में धारा 317(2) बीएनएस की बढ़ोतरी की गई है। आरोपी के खिलाफ अग्रिम वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।

गिरफ्तार आरोपी

रजनीश पुत्र शिवलोचन राम, निवासी ग्राम वीरेंद्रनगर, कोतवाली सितारगंज, ऊधमसिंहनगर, उम्र 22 वर्ष।

बरामदगी

  • 01 Samsung Galaxy F17 5G मोबाइल फोन
  • 01 काले रंग की प्लेटिना मोटरसाइकिल, रजिस्ट्रेशन नंबर UK06AE3138

पुलिस टीम

कार्रवाई करने वाली टीम में प्रभारी निरीक्षक सुंदरम शर्मा, उपनिरीक्षक जगत सिंह शाही, उपनिरीक्षक कैलाश देव, हेड कांस्टेबल मतलूब खान और कांस्टेबल अर्जुन सिंह नग्न्याल शामिल रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Site designed and maintained by Lalit Rastogi