सितारगंज। जिस रिश्ते को लेकर कभी साथ जीने-मरने की कसमें खाई थीं, वही रिश्ता आखिरकार एक महिला की जिंदगी का दर्दनाक अंत बन गया। करीब तीन साल के प्रेम संबंध के बाद परिजनों के दवाब में प्रेमी ने उससे दूरी बना ली। करीब दो सप्ताह बातचीत बंद रही तो महिला मानसिक रूप से इस कदर परेशान हो गई कि 15 अगस्त को प्रेमी के ई-रिक्शा में बैठकर उसने खुद पर पेट्रोल डालकर आग लगा ली।
सितारगंज बाईपास रोड पर टुकटुक में आग लगने से महिला की मौत के मामले में पुलिस ने कार्रवाई करते हुए उसके प्रेमी को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, विवेचना में महिला को कथित तौर पर मानसिक रूप से परेशान करने, संबंध बनाए रखने और शादी के लिए दबाव डालने के साथ आत्महत्या की धमकियां देने के तथ्य सामने आए। मामले में पुलिस ने आरोपी के खिलाफ आत्महत्या के लिए दुष्प्रेरण की धारा में कार्रवाई की है।
पुलिस के मुताबिक, 15 अगस्त 2026 को सितारगंज बाईपास रोड पर एक टुकटुक में आग लगने की सूचना मिली थी। पुलिस टीम मौके पर पहुंची तो टुकटुक में पवित्र सरकार और सरस्वती झुलसी हुई अवस्था में मिले। दोनों को उपचार के लिए उपजिला चिकित्सालय सितारगंज ले जाया गया, जहां से प्राथमिक उपचार के बाद सुशीला तिवारी अस्पताल हल्द्वानी रेफर किया गया।
सरस्वती करीब 80 प्रतिशत झुलसी थी। गंभीर हालत को देखते हुए उसे एम्स ऋषिकेश रेफर किया गया, जहां उपचार के दौरान 19 अगस्त को उसकी मौत हो गई। वहीं पवित्र सरकार करीब 18 से 20 प्रतिशत झुलसा था और उसका उपचार हल्द्वानी में कराया गया।
घटना के बाद मृतका के पिता दयाल चंद्र मंडल ने पुलिस को तहरीर देकर आरोप लगाया कि पवित्र सरकार ने सरस्वती पर पेट्रोल डालकर आग लगाई थी। तहरीर के आधार पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच वरिष्ठ उपनिरीक्षक जावेद मलिक को सौंपी।
2-3 साल से थे प्रेम संबंध
पुलिस की विवेचना के अनुसार, पवित्र सरकार शादीशुदा है और उसके दो बच्चे हैं। एक संस्था के माध्यम से काम करने के दौरान उसका सरस्वती से संपर्क हुआ था। इसके बाद दोनों के बीच करीब दो से तीन वर्षों से प्रेम संबंध होने की बात सामने आई।
पुलिस के अनुसार, सरस्वती अपने पति से पारिवारिक विवाद के चलते अपनी दो बेटियों के साथ मायके में अलग रह रही थी। दोनों के संबंधों की जानकारी पवित्र सरकार की पत्नी और परिजनों को हुई तो परिवार में इसका विरोध शुरू हो गया।
विवेचना में पुलिस के मुताबिक यह भी सामने आया कि पवित्र सरकार अपनी पत्नी पर सरस्वती से संपर्क बनाए रखने के लिए दबाव डालता था और उसके बिना नहीं रहने तथा आत्महत्या करने की धमकियां देता था। दूसरी ओर सरस्वती ने अपनी मां को बताया था कि पवित्र सरकार उसे परेशान करता है और उससे शादी करने तथा मकान बेचकर कहीं दूसरी जगह साथ रहने की बात कहता है।
बातचीत बंद होने के बाद बढ़ी परेशानी
पुलिस के अनुसार, परिवार के विरोध के बाद पवित्र सरकार ने सरस्वती से बातचीत कम कर दी। इससे वह मानसिक रूप से परेशान हो गई। उसके द्वारा नशीला पदार्थ खा लेने की बात भी सामने आई। उपचार के बाद वह शक्तिफार्म पहुंची और पवित्र सरकार से मिलने का प्रयास किया।
सूचना मिलने पर पवित्र सरकार और उसके परिजनों को शक्तिफार्म चौकी बुलाया गया। वहां बातचीत के दौरान दोनों के संबंधों की जानकारी सामने आई। इसके बाद पंचायत में पवित्र सरकार ने परिवार के दबाव में सरस्वती से आगे कोई संबंध नहीं रखने की बात कही और अपना मोबाइल नंबर भी बंद कर दिया।
पुलिस के मुताबिक, करीब 10-12 दिन तक बातचीत नहीं होने के बाद सरस्वती अत्यधिक परेशान हो गई और 15 अगस्त को सितारगंज पहुंचकर पवित्र सरकार के टुकटुक में बैठी। इसी दौरान उसने कथित तौर पर खुद पर पेट्रोल डालकर आग लगा ली।
पुलिस ने बताया कि विवेचना के दौरान गवाहों के बयान, सीसीटीवी फुटेज और अन्य साक्ष्यों का परीक्षण किया गया। पुलिस के अनुसार, इनसे सरस्वती द्वारा स्वयं आग लगाकर आत्महत्या करने की बात सामने आई, जबकि इससे पहले पवित्र सरकार द्वारा कथित मानसिक दबाव, संबंध और विवाह के लिए दबाव तथा आत्महत्या की धमकियों के तथ्य भी सामने आए।
इन्हीं तथ्यों के आधार पर पुलिस ने शुरुआती धाराओं में बदलाव करते हुए धारा 108 बीएनएस के तहत आत्महत्या के लिए दुष्प्रेरण का मामला बनाया।
आरोपी गिरफ्तार
विवेचना के आधार पर पुलिस ने 14 सितंबर 2026 को पवित्र सरकार उर्फ कन्हई (35) को पूछताछ के बाद धारा 108 और 351(3) बीएनएस के तहत गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के अनुसार आरोपी को न्यायालय के समक्ष पेश किया गया है और आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
गिरफ्तार आरोपी:
पवित्र सरकार उर्फ कन्हई पुत्र नारायण सरकार, निवासी शक्तिफार्म नंबर-1, बैकुंठपुर, कोतवाली सितारगंज, उम्र 35 वर्ष।
पुलिस टीम: प्रभारी निरीक्षक सुंदरम शर्मा, वरिष्ठ उपनिरीक्षक/विवेचक जावेद मलिक, हेड कांस्टेबल मतलूब खान, हेड कांस्टेबल जगदीश सिंह कोठियाल, कांस्टेबल कृष्ण चंद्र और कांस्टेबल प्रेम कनवाल।