सितारगंज (उधमसिंह नगर)। नगर के वार्ड नंबर 5 स्थित शिव शक्ति दुर्गा मंदिर में शनिवार को आठवां वार्षिक उत्सव हर्षोल्लास के साथ शुरू हुआ। शिव शक्ति दुर्गा मंदिर समिति और वार्ड वासियों के सहयोग से आयोजित इस धार्मिक अनुष्ठान के दौरान पूरा क्षेत्र भक्ति के रंग में सराबोर नजर आया। भव्य कलश यात्रा में उमड़ी श्रद्धालुओं की भीड़ ने उत्सव की शोभा बढ़ा दी।
रुद्राभिषेक और पूजा-अर्चना के साथ शुभारंभ
उत्सव का आगाज मंदिर परिसर में विधि-विधान से गणेश पूजन और भगवान शिव के रुद्राभिषेक के साथ किया गया। मुख्य यजमान के रूप में भाजपा ओबीसी मोर्चा के जिलाध्यक्ष रवि रस्तोगी ने अपने परिवार सहित पंडित दिनेश भट्ट के सानिध्य में विशेष पूजा-अर्चना की और नगरवासियों की सुख-समृद्धि व खुशहाली की कामना की।
नगर में गूंजे जयकारे, उमड़ी महिलाओं की भीड़
पूजा-अर्चना के पश्चात मंदिर परिसर से भव्य कलश यात्रा का शुभारंभ हुआ। पारंपरिक परिधानों और आभूषणों से सुसज्जित सैकड़ों महिलाओं ने सिर पर कलश धारण कर यात्रा में भाग लिया। यह यात्रा खटीमा रोड स्थित मोनी बाबा मंदिर पहुँची, जहाँ से कलशों में पवित्र जल भरकर श्रद्धालु वापस शिव शक्ति मंदिर लौटे। रास्ते भर ढोल-नगाड़ों और धार्मिक भजनों पर श्रद्धालु झूमते नजर आए।
इनकी रही गरिमामय उपस्थिति
धार्मिक अनुष्ठान के दौरान ओमप्रकाश रस्तोगी, रुक्मिणी रस्तोगी, दुर्गा प्रसाद, अनिल रस्तोगी, रमन चंद्रा, सुभाष चंद्रा, मनोज रस्तोगी, हरीश रस्तोगी, अमरनाथ, अमन रस्तोगी, सुरेखा रस्तोगी, शीतल चंद्रा, अमृता रस्तोगी, प्रेमलता बर्मा, सरोज अधिकारी, लता भट्ट, सुनीता भट्ट और लक्ष्मी रस्तोगी सहित भारी संख्या में वार्ड वासी और श्रद्धालु उपस्थित रहे।
आधुनिक दुनिया: खबर वही, जो सच के करीब।
सितारगंज और उत्तराखंड की हर महत्वपूर्ण खबर और अपडेट के लिए जुड़े रहें न्यूज़ पोर्टल तथा पेज ‘आधुनिक दुनिया’ [Adhunik Duniya] के साथ।