सितारगंज। छह जुलाई से लापता 13 वर्षीय किशोरी की सकुशल बरामदगी की मांग को लेकर बृहस्पतिवार को भाकपा (माले) कार्यकर्ताओं ने सितारगंज में जुलूस निकाला। नई मंडी समिति से शुरू हुआ जुलूस कोतवाली सितारगंज पहुंचा। कार्यकर्ताओं ने पुलिस से किशोरी की तलाश में तेजी लाने के साथ ही मामले की गंभीरता और सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच करने की मांग की।

भाकपा (माले) नेता अनीता अन्ना ने कहा कि सितारगंज क्षेत्र में लगातार बालिकाओं के लापता होने की घटनाएं सामने आ रही हैं। उन्होंने कहा कि कुछ मामलों में पुलिस कार्रवाई कर रही है, लेकिन कई मामलों में जांच की गति और गंभीरता को लेकर सवाल उठ रहे हैं।

उन्होंने कहा कि लगातार सामने आ रही ऐसी घटनाओं की तह तक जाने की जरूरत है। उन्होंने आशंका जताई कि इन घटनाओं के पीछे कोई संगठित गिरोह सक्रिय हो सकता है। उन्होंने पुलिस से सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखते हुए प्रभावी जांच करने की मांग की।

छह जुलाई से लापता है किशोरी

बताया गया कि सितारगंज निवासी 13 वर्षीय किशोरी छह जुलाई को अचानक लापता हो गई थी। उसकी मां ने सात जुलाई को कोतवाली सितारगंज में किशोरी के लापता होने की सूचना दर्ज कराई थी। घटना को करीब दो माह बीत चुके हैं, लेकिन अब तक किशोरी का कोई सुराग नहीं लग सका है।

पुलिस की प्रारंभिक जांच में नगर के एक रेस्टोरेंट में काम करने वाले 30 वर्षीय युवक का नाम भी सामने आने की बात कही गई है। हालांकि मामले में पुलिस की जांच जारी है।

प्रदर्शनकारियों ने पुलिस से किशोरी की जल्द से जल्द सकुशल बरामदगी और मामले की निष्पक्ष एवं प्रभावी जांच सुनिश्चित करने की मांग की। उन्होंने कहा कि किशोरी के परिजनों को जल्द न्याय दिलाने के लिए पुलिस को हरसंभव प्रयास करना चाहिए।

जुलूस और प्रदर्शन में पूर्व विधायक नारायण पाल, मोहित चोपड़ा, जावेद सिद्दीकी, अनीता अन्ना, खुशनुमा बेगम, शाने आलम, दीपिका हालदार, निर्मला देवी, फूलमती, राखी देवी, मीना देवी, धीरज कुमार, साहिल खान, धर्मेंद्र कुमार आदि मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Site designed and maintained by Lalit Rastogi