सितारगंज। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय गणपति के निर्देशन में नशा तस्करों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान ‘ऑपरेशन प्रहार’ के तहत सितारगंज पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए छह आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 150 ग्राम अफीम, 162 ग्राम चरस और 9.32 ग्राम स्मैक बरामद की है।
पुलिस के अनुसार, 23 जुलाई 2026 को बीजठी रोड स्थित थारू बघोरी पुलिया के पास चेकिंग के दौरान जसनदीप सिंह उर्फ जस्सी को 150 ग्राम अफीम और विपिन कुमार को 4.26 ग्राम स्मैक के साथ गिरफ्तार किया गया। दोनों आरोपी मोटरसाइकिलों से नशीले पदार्थों का परिवहन कर रहे थे।
वहीं, 23 जुलाई की रात सिडकुल रोड पर चेकिंग के दौरान एक कार से निखिल आर्य, लोकेश कुमार और सूरज आर्य को 162 ग्राम चरस के साथ गिरफ्तार किया गया। इसी कार्रवाई में चंद्रशेखर आर्य को 4.26 ग्राम स्मैक के साथ पकड़ा गया।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से एक मैग्नेट कार, दो मोटरसाइकिल और दो मोबाइल फोन भी बरामद किए हैं। पुलिस के अनुसार, दोनों मोटरसाइकिलों के रजिस्ट्रेशन और चेसिस नंबर घिसे हुए पाए गए हैं।
बरामदगी के आधार पर आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर नशे के नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की जानकारी जुटा रही है।
कार्रवाई करने वाली पुलिस टीम में प्रभारी निरीक्षक सुंदरम शर्मा, एसएसआई जावेद मलिक, एसआई कैलाश सिंह देव, एसआई जगत सिंह साही, एएसआई सुरेंद्र सिंह दानू, हेड कांस्टेबल मतलूब खान, हेड कांस्टेबल राजेंद्र सिंह, कांस्टेबल प्रेम सिंह, कांस्टेबल कपिल कुमार, कांस्टेबल कमल गहतोड़ी, कांस्टेबल सुरेश सिंह और कांस्टेबल अर्जुन नग्नयाल शामिल रहे।
पुलिस अधिकारियों ने कहा कि जनपद में नशे के कारोबार के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और नशा तस्करों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।