सितारगंज। उत्तराखंड के कृषि एवं उद्यान मंत्री गणेश जोशी ने बुधवार को सितारगंज स्थित राजकीय गार्डन एवं पौधालय का औचक निरीक्षण किया। मंत्री के अचानक पहुँचने से उद्यान विभाग के कर्मचारियों और अधिकारियों में हड़कंप मच गया। निरीक्षण के दौरान कैबिनेट मंत्री ने न केवल पौधों की गुणवत्ता को परखा, बल्कि कर्मचारियों की उपस्थिति और कार्यप्रणाली का भी बारीकी से अवलोकन किया।

उपस्थिति रजिस्टर खंगाला, कार्यप्रणाली पर ली क्लास
गार्डन पहुँचते ही मंत्री गणेश जोशी ने सबसे पहले उपस्थिति रजिस्टर का निरीक्षण किया। उन्होंने ड्यूटी से नदारद रहने वाले या लापरवाही बरतने वाले कर्मचारियों के प्रति सख्त रुख अपनाते हुए स्पष्ट किया कि ओद्यानिकी क्षेत्र में किसी भी प्रकार की कोताही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि वे अपनी कार्यप्रणाली में सुधार लाएं और किसानों के प्रति जवाबदेह बनें।

अमरूद की L-49 प्रजाति और उन्नत नर्सरी का जायजा
निरीक्षण के दौरान कर्मचारियों ने विभागीय मंत्री को बताया कि यहाँ आम, लीची और अमरूद की उन्नत किस्में तैयार की जा रही हैं। विशेष रूप से अमरूद की प्रसिद्ध एल-49 (Lucknow-49) प्रजाति के लगभग 3 हजार पौधे वितरण के लिए तैयार किए गए हैं। मंत्री ने पौधों की सेहत और उनकी ग्राफ्टिंग तकनीक को देखकर संतोष जताया।


“आधुनिक तकनीक अपनाएं अधिकारी”
कृषि मंत्री ने मौके पर मौजूद अधिकारियों को कड़े निर्देश देते हुए कहा, “हमारा लक्ष्य किसानों को उच्च गुणवत्ता के पौधे उपलब्ध कराना है ताकि उनकी आय में वृद्धि हो सके। उद्यान विभाग को पुरानी पद्धतियों को छोड़कर आधुनिक तकनीकों को अपनाना होगा।” उन्होंने नर्सरी उत्पादन को और अधिक प्रभावी बनाने और क्षेत्र के किसानों तक इन उन्नत किस्मों को पहुँचाने पर जोर दिया।

(आधुनिक दुनिया को सभी स्थानों पर संवाददाताओं की आवश्यकता है। इच्छुक संपर्क करें- 8923815100 व्हाट्अप पर अपना नाम, स्थान, यदि कोई अनुभव है तो उसकी जानकारी और कहां से संवाददाता बनना चाहते हैं उस स्थान का नाम लिखें संपर्क करें। यदि आप पत्रकारिता सीखने के इच्छुक हैं, तो भी संपर्क कर सकते हैं। )