सहारनपुर। उत्तर प्रदेश के सहारनपुर जिले से एक बेहद दर्दनाक और रोंगटे खड़े कर देने वाला हादसा सामने आया है। यहां थाना सदर बाजार क्षेत्र के अंतर्गत कोर्ट रोड पर स्थित प्रसिद्ध ‘खातिरदारी होटल’ में लिफ्ट की चपेट में आने से होटल कारोबारी हर्ष खुराना की दर्दनाक मौत हो गई। इस खौफनाक घटना के बाद होटल परिसर में हड़कंप मच गया और कर्मचारियों में अफरा-तफरी का माहौल पैदा हो गया।

सामान का इंतजार करते समय हुआ हादसा
मिली प्राथमिक जानकारी के अनुसार, होटल व्यवसायी हर्ष खुराना होटल के भीतर किसी काम से मौजूद थे। बताया जा रहा है कि वह लिफ्ट के जरिए किसी सामान के आने का इंतजार कर रहे थे। इसी दौरान तकनीकी खराबी या किसी अन्य वजह से लिफ्ट अचानक चल पड़ी और हर्ष खुराना की गर्दन उसमें बुरी तरह फंस गई।

मौके पर ही तोड़ा दम, जांच में जुटी पुलिस
लिफ्ट में गर्दन फंसते ही चीख-पुकार मच गई। होटल के कर्मचारी तुरंत उन्हें बचाने के लिए दौड़े और लिफ्ट को रोकने का प्रयास किया। हालांकि, जब तक उन्हें बाहर निकाला गया, तब तक अत्यधिक चोट और दम घुटने के कारण हर्ष खुराना की मौके पर ही मौत हो चुकी थी। सूचना मिलते ही थाना सदर बाजार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंची और घटनास्थल का मुआयना किया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और हादसे के सही कारणों (तकनीकी खराबी या लापरवाही) की जांच कर रही है।


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Site designed and maintained by Lalit Rastogi