पीलीभीत। जनपद के थाना जहानाबाद क्षेत्र के अंतर्गत हरचुइया और सैजना गांव के बीच एक भीषण सड़क हादसा सामने आया है, जिसमें एक 22 वर्षीय युवक की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, ग्राम सैजना निवासी मंगल सेन के भाई कुलदीप (उम्र करीब 22 वर्ष) मंगलवार शाम को ललौरीखेड़ा से अपनी मोटरसाइकिल (संख्या UP26AQ3885, एचएफ डीलक्स) से घर वापस लौट रहे थे। इसी दौरान हरचुइया और सैजना के बीच सामने से आ रहे ट्रैक्टर (संख्या UP26AQ6399) के चालक विपिन कुमार पुत्र अजयपाल, निवासी ललौरीखेड़ा ने तेजी व लापरवाही से वाहन चलाते हुए कुलदीप की मोटरसाइकिल को जोरदार टक्कर मार दी। इस भीषण भिड़ंत में कुलदीप की मौके पर ही मौत हो गई और मोटरसाइकिल पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई।
घटना के संबंध में मृतक के भाई मंगल सेन की लिखित तहरीर पर जहानाबाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी ट्रैक्टर चालक विपिन कुमार के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS), 2023 की धारा 281, 106(1) और 324(4) के तहत मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस क्षेत्राधिकारी के निर्देशानुसार मामले की आगामी विवेचना उप-निरीक्षक (SI) संजीव कुमार को सौंपी गई है, जो दुर्घटना के कारणों और घटनाक्रम की विस्तृत जांच कर रहे हैं।