​पीलीभीत। श्रावण मास के प्रथम सोमवार और पवित्र कांवड़ यात्रा के दृष्टिगत जिलाधिकारी ज्ञानेन्द्र सिंह एवं पुलिस अधीक्षक सुर्कीति माधव ने जनपद की सुरक्षा और व्यवस्थाओं की कमान स्वयं संभाली। दोनों वरिष्ठ अधिकारियों ने ऐतिहासिक गौरी शंकर मंदिर पहुंचकर भगवान शिव की विधि-विधान से पूजा-अर्चना व जलाभिषेक किया तथा जनपदवासियों की सुख, शांति एवं समृद्धि की कामना की। पूजा-अर्चना के उपरांत उन्होंने मंदिर परिसर, शाही पुलिस चौकी एवं आसपास के क्षेत्रों में पैदल भ्रमण कर बैरिकेडिंग, रूट डायवर्जन, पार्किंग स्थल, कंट्रोल पॉइंट, सीसीटीवी कैमरों और यातायात व्यवस्था का जायजा लिया, ताकि श्रद्धालुओं को दर्शन में कोई असुविधा न हो।


​तत्पश्चात, अधिकारियों ने कांवड़ यात्रियों की सुरक्षा के दृष्टिगत धनाराघाट का स्थलीय निरीक्षण किया। वहां उन्होंने घाट परिसर, नदी के जलस्तर, गोताखोरों और नौका व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया। जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि श्रद्धालुओं को गहरे पानी में जाने से रोकने के लिए बनाए गए सीमांकन का कड़ाई से पालन कराया जाए और जलस्तर पर निरंतर निगरानी रखी जाए। उन्होंने कहा कि कांवड़ियों को केवल निर्धारित एवं सुरक्षित स्थान पर ही जल भरने के लिए प्रेरित किया जाए, जिससे कोई दुर्घटना न हो।


​निरीक्षण के दौरान पुलिस अधीक्षक ने ड्यूटी पर तैनात पुलिस बल एवं अन्य अधिकारियों को मुस्तैद रहने और श्रद्धालुओं के साथ अत्यंत विनम्र व सौहार्दपूर्ण व्यवहार करने के निर्देश दिए। उन्होंने भीड़ प्रबंधन, आपातकालीन सेवाओं, पेयजल व चिकित्सा व्यवस्था को चुस्त-दुरुस्त रखने तथा संदिग्ध व्यक्तियों व वस्तुओं पर पैनी नजर रखने को कहा। जनपद में शांतिपूर्ण वातावरण बनाए रखने के लिए प्रमुख मार्गों पर ड्रोन और सीसीटीवी कैमरों से लगातार निगरानी की जा रही है। इस मौके पर नगर मजिस्ट्रेट प्यारे लाल मौर्य, सीओ नताशा गोयल और एसडीएम पूरनपुर मयंक गोस्वामी सहित प्रशासन व पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।श्रावण मास के प्रथम सोमवार पर गौरी शंकर मंदिर में डीएम व एसपी ने किया जलाभिषेक -धनाराघाट और कांवड़ मार्गों का लिया जायजा


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Site designed and maintained by Lalit Rastogi