रुद्रपुर। शक्तिफार्म क्षेत्र के पहाड़ी बसगर गांव में शुक्रवार सुबह एक हृदयविदारक घटना सामने आई। विवाह के महज सात दिन बाद 37 वर्षीय युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। इस घटना से परिवार के साथ-साथ पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई।

जानकारी के अनुसार, मुकेश क्वाराली (37) पुत्र स्वर्गीय जीवन सिंह शुक्रवार सुबह रोज की तरह सितारगंज स्थित सिडकुल की एक फैक्ट्री में ड्यूटी पर जाने वाले थे। काफी देर तक कमरे से बाहर नहीं आने पर परिजनों ने उन्हें आवाज लगाई, लेकिन कोई जवाब नहीं मिला। कमरे में जाकर देखा तो वह बिस्तर पर अचेत अवस्था में पड़े थे। सूचना पर पहुंचे चिकित्सक ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।

बताया गया कि मुकेश का विवाह 25 जून को रामनगर निवासी रुचि के साथ पूरे रीति-रिवाज एवं हर्षोल्लास के साथ संपन्न हुआ था। शादी की खुशियां अभी घर से गई भी नहीं थीं कि अचानक हुई इस घटना ने पूरे परिवार को गहरे सदमे में डाल दिया।

मुकेश अपने परिवार के इकलौते पुत्र थे। उनके पिता का पहले ही निधन हो चुका है। परिवार में उनकी मां और दो बहनें हैं। इकलौते बेटे की असमय मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। घटना के बाद बड़ी संख्या में ग्रामीण और शुभचिंतक शोक संवेदना व्यक्त करने उनके घर पहुंचे।

फिलहाल युवक की मौत के कारणों का स्पष्ट पता नहीं चल सका है। पुलिस और संबंधित विभाग मामले की जांच में जुटे हैं। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों का खुलासा हो सकेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Site designed and maintained by Lalit Rastogi