किच्छा। ग्राम गऊघाट में मंगलवार सुबह हुए एक भीषण अग्निकांड ने भारी तबाही मचाई है इस हादसे में दो झोपड़ियां और एक गोशाला जलकर पूरी तरह राख हो गई। दुःखद बात यह रही कि गोशाला में बंधी एक गाय आग की भेंट चढ़ गई जबकि घर में रखा लाखों का सामान और वैवाहिक सामग्री जलकर नष्ट हो गई।

प्राप्त विवरण के अनुसार मंगलवार सुबह करीब 6 बजे फायर स्टेशन किच्छा को सूचना मिली कि गऊघाट स्थित कटरा मोहल्ले में आग लग गई है तत्काल फायर स्टेशन से वाटर टेंडर और मिनी हाईप्रेशर वाहन घटनास्थल की ओर रवाना हुए। जब टीम मौके पर पहुंची तो आग मोहम्मद शाह पुत्र शमशेर शाह की दो झोपड़ियों और गोशाला को अपनी चपेट में ले चुकी थी। आग की लपटें इतनी विकराल थीं कि आसपास की झोपड़ियों पर भी खतरा मंडराने लगा था जिससे पूरे इलाके में दहशत फैल गई।स्थानीय लोगों ने बताया कि मोहम्मद शाह के घर में महज दो दिन पूर्व ही विवाह समारोह आयोजित हुआ था घर में शादी से जुड़ा नया सामान, कपड़े, बर्तन और नकदी मौजूद थी। पीड़ित परिवार अभी शादी की खुशियां मना ही रहा था कि इस दैवीय आपदा ने सब कुछ छीन लिया। किसानों और स्थानीय जानकारों का कहना है कि अग्नि ने घर के भीतर रखा एक-एक तिनका राख कर दिया है जिससे परिवार के सामने अब जीवन-यापन का संकट खड़ा हो गया है। फायर यूनिट के कर्मचारियों ने मिनी हाईप्रेशर पम्प और होजरील के माध्यम से पानी की बौछार कर कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। दमकल कर्मियों की सूझबूझ से आग को पड़ोस की अन्य झोपड़ियों तक फैलने से पहले ही रोक लिया गया अन्यथा यह हादसा और भी बड़ा रूप ले सकता था। आग बुझाने वाली टीम में चालक मदन सिंह, फायर मैन दीपक सिंह, भवान सिंह, संजय सिंह, प्रमोद सोन तथा संविदा चालक धीरज राणा शामिल रहे मौके पर कलकत्ता चौकी पुलिस भी मुस्तैद रही। इस अग्निकांड में किसी प्रकार की मानवीय जनहानि तो नहीं हुई लेकिन एक बेजुबान गाय की जिंदा जलकर मौत हो गई। प्रारंभिक अनुमान के अनुसार परिवार को लाखों रुपये का आर्थिक नुकसान हुआ है।आग लगने के स्पष्ट कारणों का अभी पता नहीं चल पाया है,प्रशासन इसकी जांच कर रहा है। प्रभावित परिवार और ग्रामीणों ने शासन-प्रशासन से उचित मुआवजे की मांग की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *