पीलीभीत। नगर के शफ़ी डिग्री कॉलेज में शुक्रवार को ‘विश्व परिवार दिवस’ के अवसर पर एक विशेष संगोष्ठी का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. राजेन्द्र कुमार ने किया। इस दौरान छात्र-छात्राओं और प्रवक्ताओं ने समाज में परिवार की महत्ता और आपसी एकजुटता पर अपने विचार साझा किए।
संगोष्ठी को संबोधित करते हुए बी.एड. प्रथम वर्ष की प्रशिक्षु मंजिल रस्तोगी ने बताया कि अंतरराष्ट्रीय परिवार दिवस की शुरुआत संयुक्त राष्ट्र महासभा द्वारा 15 मई, 1994 को की गई थी, तब से हर वर्ष इसे वैश्विक स्तर पर मनाया जाता है। प्रशिक्षु स्वाति देवी ने कहा कि इस दिवस का मुख्य उद्देश्य बिखरते परिवारों को जोड़ना और लोगों को परिवार के महत्व के प्रति जागरूक करना है। वहीं प्रशिक्षु प्रियांक जायसवाल ने जानकारी दी कि इस वर्ष यह दिवस ‘परिवार, असमानताएं और बाल कल्याण की थीम पर आधारित है।
महाविद्यालय के को-कॉर्डिनेटर अनीस बेग ने अपने संबोधन में कहा कि एक खुशहाल और स्वस्थ परिवार ही एक मजबूत और सहायक समाज की नींव रखता है। उन्होंने जोर दिया कि आज का दिन हमें आपसी मतभेद भुलाकर प्रेमपूर्वक साथ रहने की प्रेरणा देता है। कार्यक्रम में रेखा वर्मा, अरशीन और कशिश जायसवाल सहित अन्य प्रशिक्षुओं ने भी विचार रखे।
कार्यक्रम के अंत में प्रवक्ता अनिल कुमार ने सभी आगंतुकों का आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर प्रवक्ता फहीम सिद्दीकी, रविन्द्र पाल सिंह गंगवार, चिरंजीव गंगवार, मुकेश कुमार, अमित कुमार, सज्जन, प्रदीप कुमार, रिज़वान खान सहित महाविद्यालय का समस्त स्टाफ और छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे। कार्यक्रम का सफल संचालन डी.एल.एड. प्रशिक्षु मंजिल रस्तोगी द्वारा किया गया।