रुद्रपुर। विश्व साइकिल दिवस के अवसर पर स्प्रिंग एंड रिवर रिजुनिवेशन अथॉरिटी (SARRA) के तत्वावधान में खेल विभाग और समाज कल्याण विभाग के सहयोग से मनोज सरकार स्पोर्ट्स स्टेडियम में साइकिल रैली एवं रेस का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ जिलाधिकारी नितिन सिंह भदौरिया ने हरी झंडी दिखाकर किया। इसी के साथ ‘जल उत्सव सप्ताह’ (1 जून से 15 जून 2026) का भी शुभारंभ किया गया।

इस अवसर पर जिलाधिकारी ने कहा कि जल स्रोतों का संरक्षण वर्तमान समय की सबसे महत्वपूर्ण आवश्यकताओं में से एक है। उन्होंने कहा कि स्वच्छ एवं स्वस्थ पर्यावरण के लिए जनभागीदारी जरूरी है और सभी नागरिकों को जल संरक्षण, स्वच्छता तथा पर्यावरण सुरक्षा के प्रति सजग रहना चाहिए। उन्होंने लोगों से पानी की बर्बादी रोकने, नदियों एवं जल स्रोतों को स्वच्छ बनाए रखने का आह्वान किया।

कार्यक्रम में कुल 235 प्रतिभागियों ने भाग लिया, जिनमें से 200 प्रतिभागियों ने साइकिल रेस में हिस्सा लिया। प्रतियोगिता के समापन पर उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों को सम्मानित किया गया।

बालक वर्ग में अपूर्व बिष्ट प्रथम, देव समजदार द्वितीय और वेदान्स तृतीय स्थान पर रहे। वहीं बालिका वर्ग में पल्लवी ने प्रथम, नीलम ने द्वितीय और साक्षी ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। इसके अलावा तीन बालक एवं तीन बालिकाओं को सांत्वना पुरस्कार भी प्रदान किए गए।

कार्यक्रम में मुख्य विकास अधिकारी दिवेश शाशनी नगर, मुख्य कोषाधिकारी डॉ. पंकज कुमार शुक्ल, सदस्य सचिव सारा एवं अधिशासी अभियंता लघु सिंचाई सुशील कुमार, जिला क्रीड़ा अधिकारी जानकी कार्की सहित अनेक अधिकारी एवं प्रतिभागी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *