पीलीभीत। स्थानीय उपाधि महाविद्यालय के वाणिज्य विभाग द्वारा आज बी.कॉम. छठे सेमेस्टर के विद्यार्थियों के लिए एक विशेष करियर काउंसलिंग कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस सत्र का मुख्य उद्देश्य स्नातक अंतिम वर्ष के विद्यार्थियों को भविष्य की चुनौतियों के लिए तैयार करना और उन्हें सही करियर दिशा चुनने में मार्गदर्शन प्रदान करना था।
कार्यक्रम के दौरान विभाग के वरिष्ठ प्रोफेसर डॉ. विनय कुमार गर्ग ने विद्यार्थियों को करियर के विभिन्न आयामों से अवगत कराया। उन्होंने युवाओं को अपने लक्ष्य के प्रति समर्पित रहने और निरंतर कड़ा परिश्रम करने की सीख देते हुए प्रेरित किया। विभाग के डॉ. अमित कुमार, असिस्टेंट प्रोफेसर कौशल कुमार और डॉ. गजेंद्र सिंह ने भी विद्यार्थियों को निजी व सरकारी क्षेत्रों में उपलब्ध रोजगार के विविध अवसरों की विस्तार से जानकारी दी।
विशेषज्ञों ने छात्रों को उच्च शिक्षा के विकल्पों, बैंकिंग, एसएससी जैसी प्रतियोगी परीक्षाओं और कॉर्पोरेट सेक्टर में करियर बनाने हेतु आवश्यक कौशलों के विकास पर जोर दिया। शिक्षकों ने स्पष्ट किया कि सफलता प्राप्त करने के लिए अपनी रुचि और योग्यता के अनुसार सही क्षेत्र का चुनाव करना अनिवार्य है।
कार्यक्रम के समापन सत्र में विद्यार्थियों ने अपनी शंकाओं और करियर संबंधी विकल्पों पर विशेषज्ञों से प्रश्न पूछे, जिनका मौके पर ही संतोषजनक समाधान किया गया। इस सत्र ने विद्यार्थियों में भविष्य को लेकर नई ऊर्जा और स्पष्टता का संचार किया, जिससे वे काफी लाभान्वित हुए।
(आधुनिक दुनिया को सभी स्थानों पर संवाददाताओं की आवश्यकता है। इच्छुक संपर्क करें- 8923815100 व्हाट्अप पर अपना नाम, स्थान, यदि कोई अनुभव है तो उसकी जानकारी और कहां से संवाददाता बनना चाहते हैं उस स्थान का नाम लिखें संपर्क करें। यदि आप पत्रकारिता सीखने के इच्छुक हैं, तो भी संपर्क कर सकते हैं।)