रूद्रपुर। काशीपुर मार्ग स्थित रेलवे मालगोदाम रोड पर मंगलवार सुबह उस वक्त सनसनी फैल गई जब स्थानीय लोगों ने एक नाले में अज्ञात व्यक्ति का शव पड़ा हुआ देखा। नाले में शव मिलने की खबर जंगल में आग की तरह फैल गई और देखते ही देखते मौके पर भारी भीड़ जमा हो गई सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने घटनास्थल पर पहुंचकर शव को कब्जे में लिया और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है फिलहाल पुलिस मृतक की पहचान करने की कोशिशों में जुटी है। प्राप्त जानकारी के अनुसार प्रातः काल जब लोग रेलवे मालगोदाम मार्ग से गुजर रहे थे तब उन्हें नाले के भीतर एक शव दिखाई दिया।सूचना मिलने पर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर कड़ी मशक्कत के बाद शव को नाले से बाहर निकाला पुलिस ने वहां मौजूद लोगों से मृतक की पहचान कराने का प्रयास किया लेकिन काफी कोशिशों के बाद भी मृतक की पहचान नहीं हो सकी। घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण करने के बाद पुलिस ने पंचनामा भरकर शव को पोस्टमार्टम हाउस भिजवा दिया शव की स्थिति को देखते हुए उसकी उम्र लगभग 40 वर्ष आंकी जा रही है। प्रत्यक्षदर्शियों और पुलिस के अनुसार शव कुछ दिन पुराना लग रहा है और कीचड़ में पूरी तरह सना हुआ था। शव के गलने और काफी समय से पानी में रहने के कारण उससे दुर्गंध भी आ रही थी जिससे अंदाजा लगाया जा रहा है कि मृत्यु कुछ दिन पूर्व हुई होगी।पुलिस ने घटना के संबंध में आस पास के सभी थाना क्षेत्रें और जनपदों को सूचना प्रसारित कर दी है ताकि गुमशुदा लोगों के रिकॉर्ड से मृतक का मिलान किया जा सके। पुलिस मामले की हर पहलू से जांच कर रही है कि यह दुर्घटना है या कोई आपराधिक साजिश।