रुद्रपुर (उधम सिंह नगर)। रुद्रपुर के सिडकुल औद्योगिक क्षेत्र में स्थित पावर हाउस के पास शव मिलने का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। आज सुबह फिर एक अज्ञात व्यक्ति का शव मिलने से पूरी औद्योगिक इकाई में हड़कंप मच गया है। लगातार हो रही इन घटनाओं से सिडकुल की विभिन्न कंपनियों में काम करने वाले श्रमिकों और स्थानीय निवासियों में भय व्याप्त है।

बेसुध पड़ा मिला 55 वर्षीय व्यक्ति
जानकारी के अनुसार, शुक्रवार सुबह जब लोग सिडकुल क्षेत्र में काम पर जा रहे थे, तभी उन्होंने ढाल के पास स्थित पावर हाउस की दीवार के समीप एक व्यक्ति को बेसुध हालत में पड़े देखा। देखते ही देखते मौके पर भारी भीड़ जमा हो गई। आनन-फानन में मामले की सूचना सिडकुल चौकी पुलिस को दी गई।

अस्पताल में घोषित किया गया मृत
सूचना मिलते ही पुलिसकर्मी मौके पर पहुँचे और व्यक्ति को बाहर निकालकर तुरंत जिला चिकित्सालय पहुँचाया। हालांकि, अस्पताल में चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मृतक की उम्र लगभग 55 वर्ष के आसपास बताई जा रही है।

शिनाख्त की कोशिश जारी
पुलिस ने मौके पर उपस्थित लोगों से मृतक की शिनाख्त कराने का प्रयास किया, लेकिन सफलता नहीं मिली। फिलहाल पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम हाउस भेज दिया है। शिनाख्त के लिए आसपास के सभी थाना क्षेत्रों को सूचना भेज दी गई है और पुलिस मौत के कारणों का पता लगाने में जुट गई है।

सुरक्षा पर उठ रहे सवाल
स्थानीय लोगों का कहना है कि सिडकुल पावर हाउस के समीप जिस तरह से लगातार शव मिल रहे हैं, वह सुरक्षा व्यवस्था पर बड़े सवाल खड़े करता है। कामगारों ने पुलिस प्रशासन से क्षेत्र में गश्त बढ़ाने और सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम करने की मांग की है।


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Site designed and maintained by Lalit Rastogi