रुद्रपुर। हिमाद्री जन सेवा समिति के तत्वावधान में सिटी क्षेत्र स्थित सामिया परिसर में उत्तराखंड की लोक कला,लोक संस्कृति एवं लोक विरासत को समर्पित एक भव्य सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्वलन के साथ हुआ जिसके बाद पर्वतीय वाद्य यंत्रों की गूंज और पारंपरिक नृत्य प्रस्तुतियों ने पूरे वातावरण को सांस्कृतिक रंगों से भर दिया। कार्यक्रम में देवभूमि उत्तराखंड की पहचान माने जाने वाले छोलिया नृत्य, पारंपरिक पहाड़ी लोकनृत्य एवं लोकगीतों की शानदार प्रस्तुतियां दी गईं। महिला कलाकारों की टोली द्वारा प्रस्तुत नृत्यों ने दर्शकों का मन मोह लिया। वहीं विद्यालयों के छात्र-छात्राओं की सहभागिता ने नई पीढ़ी के सांस्कृतिक जुड़ाव को दर्शाया। इस सांस्कृतिक आयोजन में सांसद अजय भट्ट, कैबिनेट मंत्री सौरभ बहुगुणा,विधायक शिव अरोड़ा,सामिया ग्रुप के सीएमडी जमील अहमद,जीएम आसिम खान,पूर्व विधायक राजकुमार ठुकराल,सीएमओ डॉ. के.के.अग्रवाल,भाजपा के वरिष्ठ नेता अमित नारंग,डॉ.अमिता उप्रेती,भाजपा नेता कमलेंद्र सेमवाल,मोहिनी बिष्ट,भाजपा नेता भारत भूषण चुघ,डॉक्टर शाहखान,बंगाली कल्याण समिति के अध्यक्ष दिलीप अधिकारी,ममता त्रिपाठी,दीपा मटेला,सुरेश कोहली,हिमाद्री जन सेवा समिति के अध्यक्ष एडवोकेट एस.एस.रावत,महामंत्री के.एस.भंडारी,बीएन बेलवाल,पूरन दानू,डॉ.कुन्दन सिंह राठौड़ सहित सैकडो लोग उपस्थित रहे।कार्यक्रम स्थल पर स्वयं सहायता समूहों द्वारा निर्मित स्थानीय उत्पादों,पारंपरिक ऐपण कला,हस्तशिल्प,पुस्तक व विज्ञान प्रदर्शनी के साथ-साथ पहाड़ी व्यंजनों के स्टॉल भी लगाए गए जिनका लोगों ने भरपूर आनंद लिया,बच्चों के लिए झूले और मनोरंजन के साधन आकर्षण का केंद्र रहे।इस आयोजन के माध्यम से उत्तराखंड की समृद्ध लोकसंस्कृति को जन-जन तक पहुंचाने, महिलाओं के स्वावलंबन को बढ़ावा देने और युवाओं व बच्चों को अपनी सांस्कृतिक जड़ों से जोड़ने का सार्थक प्रयास किया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Site designed and maintained by Lalit Rastogi