रुद्रपुर (उधम सिंह नगर)। कुमांयू मंडल के उपायुक्त खाद्य संरक्षा डॉ. राजेंद्र सिंह कठायत के नेतृत्व में खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने रविवार को रुद्रपुर की मुख्य सब्जी मंडी में औचक छापेमारी की। इस दौरान टीम ने फलों और सब्जियों की गुणवत्ता की जांच की और संदिग्ध पाए जाने पर कई नमूने एकत्र किए। विभाग की इस कार्रवाई से पूरी मंडी में व्यापारियों के बीच हड़कंप मचा रहा।
फलों और सब्जियों के लिए गए 5 नमूने
निरीक्षण के दौरान टीम ने थोक और फुटकर विक्रेताओं के प्रतिष्ठानों पर जाकर सेब, आम, संतरा, खरबूजा और गाजर के कुल 5 नमूने लिए। उपायुक्त डॉ. कठायत ने बताया कि इन नमूनों को परीक्षण के लिए राजकीय जांच प्रयोगशाला भेजा गया है। रिपोर्ट आने के बाद यदि किसी भी खाद्य पदार्थ में मिलावट या हानिकारक रसायनों की पुष्टि होती है, तो संबंधित विक्रेताओं के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
बिना लाइसेंस दुकान चलाने पर नोटिस
जांच के दौरान एक विक्रेता ऐसा भी पाया गया जिसके पास खाद्य पदार्थ बेचने के लिए अनिवार्य लाइसेंस या पंजीकरण (FSSAI) उपलब्ध नहीं था। विभाग ने नियमों के उल्लंघन पर उक्त दुकानदार को तत्काल कारण बताओ नोटिस जारी किया है।
कृत्रिम रूप से फल पकाने वालों को सख्त चेतावनी
उपायुक्त ने मंडी के समस्त व्यापारियों को सख्त निर्देश दिए कि फलों को पकाने के लिए किसी भी तरह के प्रतिबंधित रसायनों (जैसे कैल्शियम कार्बाइड) का उपयोग न करें। साथ ही, सब्जियों को ताजा दिखाने के लिए अप्राकृतिक रंगों के इस्तेमाल पर भी पूर्ण प्रतिबंध की चेतावनी दी गई। उन्होंने कहा कि उपभोक्ताओं के स्वास्थ्य के साथ खिलवाड़ किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
निरीक्षण टीम में ये रहे शामिल
इस बड़ी कार्रवाई में उपायुक्त डॉ. राजेंद्र सिंह कठायत के साथ सहायक आयुक्त (अभिहित अधिकारी) ललित मोहन पाण्डे, वरिष्ठ खाद्य सुरक्षा अधिकारी श्रीमती अर्पणा शाह, खाद्य सुरक्षा अधिकारी श्रीमती आशा आर्या और पंकज कुमार शामिल रहे।