रुद्रपुर। दिनेशपुर थाना क्षेत्र के श्रीरामपुर कॉलोनी में 27 वर्षीय विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। तबीयत बिगड़ने के बाद परिजन उसे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले गए, जहां से जिला चिकित्सालय रेफर किया गया। उपचार के दौरान विवाहिता ने दम तोड़ दिया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामले की जांच शुरू कर दी है।

पुलिस के अनुसार, मृतका कंचन सामंत का विवाह वर्ष 2016 में मूल रूप से पिथौरागढ़ निवासी ललित मोहन सामंत के साथ हुआ था। दंपती की नौ वर्षीय बेटी है। मृतका की मां ने आरोप लगाया कि शादी के बाद से ही कंचन को ससुराल में प्रताड़ित किया जाता था। उन्होंने पति पर आए दिन मारपीट और मानसिक उत्पीड़न करने का आरोप लगाते हुए निष्पक्ष जांच और कार्रवाई की मांग की है।

वहीं, पति ललित मोहन सामंत ने बताया कि रविवार सुबह वह खेत से धान की पौध लेकर घर लौटे थे। पत्नी से भोजन बनाने के लिए कहा, जिसके करीब 15 मिनट बाद उसकी तबीयत बिगड़ गई और उसे उल्टियां होने लगीं। परिजन उसे तत्काल अस्पताल ले गए, लेकिन उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। पति ने आशंका जताई कि उसने संभवतः कोई जहरीला पदार्थ खा लिया था।

थानाध्यक्ष ने बताया कि शव का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है। मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद होगा। दोनों पक्षों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं और जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Site designed and maintained by Lalit Rastogi