रुद्रपुर। शहीद ऊधम सिंह के शहादत दिवस पर श्रमिक संयुक्त मोर्चा ने सिडकुल स्थित माइक्रोमैक्स (भगवती) प्रोडक्ट कंपनी के गेट पर चल रहे धरनास्थल पर श्रद्धांजलि सभा का आयोजन किया। इस दौरान श्रमिकों और विभिन्न संगठनों के प्रतिनिधियों ने शहीद ऊधम सिंह को श्रद्धासुमन अर्पित कर उनके बलिदान को याद किया।
सभा को संबोधित करते हुए वक्ताओं ने कहा कि शहीद ऊधम सिंह ने जलियांवाला बाग नरसंहार के दोषी ब्रिटिश अधिकारी माइकल ओ’डायर को इंग्लैंड जाकर गोली मारकर देश के शहीदों का बदला लिया था। उन्होंने बताया कि मुकदमे के दौरान जब ब्रिटिश अदालत ने उनका नाम पूछा तो उन्होंने स्वयं को ‘राम मोहम्मद सिंह आजाद’ बताया, जो धार्मिक सद्भाव और राष्ट्रीय एकता का प्रतीक था। वक्ताओं ने कहा कि शहीद ऊधम सिंह ने अंग्रेजों की “फूट डालो और राज करो” की नीति को समझते हुए सामाजिक और धार्मिक एकता का संदेश दिया।
सभा का संचालन श्रमिक संयुक्त मोर्चा के अध्यक्ष दिनेश तिवारी ने किया। कार्यक्रम में इंटरार्क मजदूर संगठन के सौरभ, भाकपा (माले) के जिला सचिव ललित मटियाली, भगवती एम्प्लाइज यूनियन के नंदन सिंह, इंकलाबी मजदूर केंद्र के कैलाश भट्ट और दिनेश भट्ट, क्रांतिकारी लोक अधिकार संगठन के शिवदेव सिंह, एक्टू की अनीता अन्ना, बजाज मोटर्स के हरीश राठौर, एडविक कर्मचारी संगठन के राजू सिंह, ऐरा श्रमिक संगठन के उपेंद्र राय, सीएसटीयू के महेंद्र सिंह, राने मद्रास एम्प्लाइज यूनियन के कमल सिंह, करोलिया लाइटिंग यूनियन के हरेंद्र सिंह सहित बड़ी संख्या में श्रमिक और संगठन पदाधिकारी मौजूद रहे।
वक्ताओं ने कहा कि शहीद ऊधम सिंह का जीवन देशभक्ति, सामाजिक समरसता और अन्याय के विरुद्ध संघर्ष की प्रेरणा देता है। उन्होंने श्रमिकों से एकजुट होकर अपने अधिकारों की रक्षा करने तथा समाज में भाईचारे और एकता को मजबूत करने का आह्वान किया।