रुद्रपुर। ट्रांजिट कैम्प कोतवाली क्षेत्र में पिछले कुछ दिनों से लगातार संदिग्ध परिस्थितियों में शव मिलने की घटनाओं से लोगों में दहशत का माहौल है। शिवनगर वार्ड-9 में निर्माणाधीन मकान से युवक का शव मिलने की गुत्थी अभी सुलझ भी नहीं पाई थी कि शुक्रवार शाम संजयनगर वार्ड-11 में एक 65 वर्षीय ठेली कारोबारी का शव उसके दूसरे मकान के बंद कमरे से बरामद हुआ।

जानकारी के अनुसार संजयनगर निवासी भरतलाल पुत्र स्व. बिन्देश्वरी लाल ठेली लगाकर सामान बेचते थे और इन दिनों मक्का बेचने का काम कर रहे थे। परिजनों ने बताया कि वह पिछले दो दिनों से घर नहीं लौटे थे। चूंकि पहले भी कई बार वह अपने दूसरे मकान में रुक जाते थे, इसलिए परिवार ने शुरुआत में ज्यादा चिंता नहीं की।

शुक्रवार को जब परिजन उन्हें तलाशते हुए उनके दूसरे मकान पहुंचे तो दरवाजा अंदर से बंद मिला। छत की टीन हटाकर अंदर देखा तो भरतलाल चारपाई पर बेसुध पड़े दिखाई दिए। इसके बाद परिजनों ने दरवाजा तोड़कर अंदर प्रवेश किया, जहां उनका शव पड़ा मिला। परिजनों के अनुसार मृतक का चेहरा काला पड़ चुका था।

सूचना मिलते ही कोतवाल धर्मवीर सोलंकी पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया, आवश्यक साक्ष्य जुटाए और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

मृतक अपने पीछे पत्नी बाली रानी, दो पुत्र सूदनलाल (25 वर्ष) और प्रतापलाल (19 वर्ष) तथा दो पुत्रियां सूजन और विवाहित पुत्री कनिका को छोड़ गए हैं। घटना के बाद परिवार में कोहराम मचा हुआ है।

पुलिस का कहना है कि प्रथम दृष्टया मौत के कारण स्पष्ट नहीं हैं। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा। वहीं, क्षेत्र में लगातार सामने आ रही ऐसी घटनाओं ने स्थानीय लोगों की चिंता बढ़ा दी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Site designed and maintained by Lalit Rastogi