रुद्रपुर। भारतीय किसान यूनियन के बैनर तले विभिन्न मांगों को लेकर जनपद भर से पहुंचे किसानों ने तीन दिवसीय आंदोलन के अंतिम दिन रविवार को भी राष्ट्रीय मार्ग के किनारे कलक्ट्रेट गेट पर धरना-प्रदर्शन जारी रखा। धरने के दौरान किसानों ने एकजुटता मजबूत करने पर जोर दिया और प्रदेश सरकार पर चुनावी वादे पूरे नहीं करने का आरोप लगाते हुए जमकर नारेबाजी की।

धरना स्थल पर आयोजित सभा को संबोधित करते हुए मोहसिन खान, सतवीर सिंह, चौधरी जसवीर सिंह, जगतार सिंह बाजवा, विक्की रंधावा, गुरसेवक सिंह, प्रेम सिंह सहोता और दर्शन सिंह ने कहा कि भाजपा ने प्रदेश में सत्ता संभालने से पहले किसानों से कई वादे किए थे, लेकिन उनके अनुसार अब तक वादे पूरे नहीं किए गए। किसान नेताओं ने सरकार पर वादा खिलाफी का आरोप लगाते हुए मांगों के शीघ्र समाधान की मांग की।

किसानों ने रखीं प्रमुख मांगें

किसानों ने मांग की कि ट्यूबवेल के बिजली बिल और घरों के 300 यूनिट तक के विद्युत बिल माफ किए जाएं। वर्ग चार की भूमि पर बसे किसानों को नियमानुसार मालिकाना हक दिया जाए। किसानों का गन्ने समेत अन्य फसलों का बकाया भुगतान समय पर कराया जाए।

इसके अलावा पर्वतीय जिलों के किसानों को प्रति माह 20 हजार रुपये हिल भत्ता देने, बाजपुर के 20 गांवों की भूमि पर किसानों के खाद, लोन और क्रय-विक्रय पर लगी रोक हटाने, जबरन लगाए गए स्मार्ट मीटर हटाकर पुराने विद्युत मीटर दोबारा लगाए जाने तथा गन्ने का मूल्य 700 रुपये प्रति कुंतल किए जाने की मांग उठाई गई।

मांगें नहीं मानी तो तेज होगा आंदोलन

किसान नेताओं ने कहा कि तीन दिवसीय आंदोलन का रविवार को अंतिम दिन है। यदि सरकार किसानों के चुनावी घोषणापत्र में किए गए वादों और अन्य मांगों को पूरा करती है तो आंदोलन समाप्त कर दिया जाएगा। वहीं, मांगें नहीं मानी गईं तो आंदोलन को और तेज करने की रणनीति तैयार की जाएगी।

धरने के दौरान शेखर सिंह, सतवंत सिंह, अमर सिंह मक्कड़, नरेन्द्र जीत सिंह, हरविन्दर सिंह, संदीप सिंह, जोगा सिंह, देवेन्द्र सिंह, गोपाल सिंह, विक्रमजीत सिंह, रतन बाजवा, प्रथपाल सिंह, रणजीत सिंह, अंग्रेज सिंह, बेअंत सिंह, गुरदेव सिंह, गुरूचरन सिंह, सुखविन्दर सिंह, जसपाल सिंह, संता सिंह, जागीर सिंह, हरदेव सिंह, अशोक सेठी, राजेन्द्र सिंह मक्कड़, टीका सिंह सैनी, हरभजन सिंह लाहोरिया, सेवक सिंह, मुकेश भुसरी, कल्याण सिंह, मेजर सिंह, शेर सिंह, मंजीत सिंह रंधावा, हरमेज सिंह, प्रभजीत सिंह, कश्मीर सिंह, अमरीक सिंह, राजू सीना, अमित यादव, गुरविन्दर सिंह, गुलाब सिंह, हरदयाल सिंह, प्रभजोत सिंह, मनोज कुमार, बलबीर सिंह, अवतार सिंह, अमरीक सिंह और हरजीत सिंह सहित बड़ी संख्या में किसान मौजूद रहे।

किसानों के धरने के दौरान सुबह चाय-प्रसाद और दोपहर में लंगर-प्रसाद का वितरण किया गया। शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए कलक्ट्रेट गेट पर पुलिस अधिकारियों की देखरेख में भारी संख्या में पुलिस बल तैनात रहा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Site designed and maintained by Lalit Rastogi