रुद्रपुर। शहर के सबसे व्यस्ततम व्यावसायिक केंद्र बाटा चौक क्षेत्र में जर्जर विद्युत तारों के कारण मंडरा रहे खतरे को लेकर व्यापारियों का गुस्सा फूट पड़ा है। शॉर्ट सर्किट और आए दिन लगने वाली आग की घटनाओं से परेशान व्यापारियों ने आज विद्युत विभाग के अधिशासी अभियंता का घेराव कर ज्ञापन सौंपा और व्यवस्था दुरुस्त करने की मांग की।
हादसों को न्योता दे रहे हैं पुराने तार
व्यापार मंडल अध्यक्ष संजय जुनेजा के नेतृत्व में व्यापारियों ने अधिशासी अभियंता उमाकांत चतुर्वेदी को बताया कि बाटा चौक मुख्य बाजार होने के कारण यहाँ दिन भर हजारों लोगों की भीड़ रहती है। क्षेत्र में बिजली के तार बरसों पुराने और बेहद अव्यवस्थित हो चुके हैं, जिनमें आए दिन शॉर्ट सर्किट से आग लग जाती है। इससे व्यापारियों और राहगीरों में हमेशा किसी अनहोनी का भय बना रहता है।
विभाग की चेतावनी और आश्वासन
व्यापारियों ने विभाग को चेतावनी देते हुए कहा कि यदि जल्द ही इन जर्जर तारों को नहीं बदला गया, तो कभी भी कोई बड़ा हादसा हो सकता है और इसकी पूरी जिम्मेदारी विद्युत विभाग की होगी। ज्ञापन पर संज्ञान लेते हुए अधिशासी अभियंता उमाकांत चतुर्वेदी ने प्रतिनिधिमंडल को भरोसा दिलाया कि आगामी सोमवार से मुख्य बाजार में खराब हो चुकी विद्युत लाइनों को बदलने का कार्य शुरू कर दिया जाएगा।
इनकी रही मौजूदगी
इस दौरान व्यापार मंडल के पूर्व महामंत्री हरीश अरोरा, पूर्व युवा कोषाध्यक्ष पवन गाबा ‘पल्ली’, संजय ठुकराल और आकाश भुसरी सहित कई प्रमुख व्यापारी उपस्थित रहे।